Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Crime: VIP नेता की घर के सामने गोली मारकर हत्या, हाथ धोते वक्त बदमाशों ने बरसाई गोलियां - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, November 22, 2025

Bihar Crime: VIP नेता की घर के सामने गोली मारकर हत्या, हाथ धोते वक्त बदमाशों ने बरसाई गोलियां

छौड़ादानो (पूर्वी चंपारण)। दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव में शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के छौड़ादानो प्रखंड अध्यक्ष कामेश्वर सहनी (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

घटना उस समय हुई, जब वे शौच से लौटकर घर के मुख्यद्वार के पास चापाकल पर हाथ-पांव धो रहे थे।

तीन अपराधी दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे और नजदीक से कामेश्वर पर आधा दर्जन गोलियां बरसा दीं। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर मृतक की मां और उनके भाई महेश सहनी व रमेश सहनी दौड़कर पहुंचे तो कामेश्वर को खून से लथपथ देख चीत्कार कर उठे।

गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर दरपा थानाध्यक्ष अनीश कुमार दल-बल के साथ पहुंचे। बाद में छौड़ादानो, महुआवा तथा जिला पुलिस बल को भी तैनात किया गया। रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद, डीआइयू, एफएसएल और डाग स्क्वाड की टीम ने भी घटनास्थल की जांच की।

पुलिस ने मृतक के पुत्र सावन कुमार से जानकारी ली तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। जिला पुलिस के अनुसार, हत्या की प्राथमिकी कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। हत्या पुरानी रंजिश में हुई है या राजनीतिक, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

रक्सौल एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया है। घटना से पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण है। पुलिस गश्त लगा रही है। वहीं, रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि सीमावर्ती पर्सा और बारा जिला नेपाल में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सारण में स्कूल से लौट रहे शिक्षक की गोली मारकर हत्या

सारण के नयागांव में स्कूल से घर लौट रहे सरकारी स्कूल के एक शिक्षक की दिनदहाड़े बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों अपराधियों का तरीका पेशेवराना था, घर से मात्र पांच सौ मीटर पहले ओवरटेक करके शिक्षक की बाइक रोकवाई और निकट से उनके सिर में गोली मार दी।

सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि आसपास रहे कुछ समझ पाते, तबतक हत्यारे बाइक से भाग निकले थे और शिक्षक सड़क पर गिरकर दम तोड़ चुके थे। वारदात शुक्रवार की शाम लगभग चार बजे खरीका देवी स्थान के निकट की है। मारे गए शिक्षक 45 वर्षीय सनोज कुमार सोनपुर प्रखंड के गंगाजल प्राथमिक विद्यालय में पदस्थापित थे।

हत्या के पीछे के कारणों को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। शिक्षक ने आठ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। एसएसपी डा. कुमार आशीष ने बताया कि हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। बदमाशों को चिह्नित किया जा रहा है। एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।