Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में 10 साल की लड़की की मांग में जबरन भरा सिंदूर, 'शादी की है' बोल जबरन खींच ले जाने लगा लड़का - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 2, 2025

सहरसा में 10 साल की लड़की की मांग में जबरन भरा सिंदूर, 'शादी की है' बोल जबरन खींच ले जाने लगा लड़का

बिहार में एक लड़के ने 10 साल की नाबालिग लड़की की मांग में जबरन सिंदूर डाल दिया। इतना ही नहीं सिंदूर डालने के बाद वो लड़की को जबरन खींच कर अपने साथ ले जाने लगा और उसने यह भी कहा कि उसने शादी कर ली है।

पूरा मामला सहरसा जिले का है। यहां सदर थाना के वार्ड 3 में 10 बर्षीय नाबालिग लड़की की मांग में जबरदस्ती सिंदूर डालने का मामला सामने आया है।

नाबालिग लड़की कोचिंग से पढ़कर आ रही थी। इसी दौरान सुनसान रास्ते में गांव का ही एक लड़का पहले लड़की साथ छेड़छाड़ करने लगा। इसके बाद उसने लड़की की मांग में सिंदूर दे दिया। लड़की जब किसी तरह भागकर घर आई तो लड़का भी पीछे- पीछे उसके घर तक आ गया। जबरन लड़की को अपने साथ ले जाने लगा और कहने लगा कि उसने शादी की है।

थाने में हुई शिकायत

इस दौरान वहां हो-हल्ला मच गया। हंगामा होने पर आसपास के लोग और लड़की के परिजन वहां जुट गए। इन सभी ने मिलकर लड़के को पकड़ लिया। विवाद के दौरान लड़का पक्ष के लोग भी जमा हो गए और उन्होंने किसी तरह लड़के को वहां से भगा दिया। अब इस मामले में सदर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई करने की मांग की गई है। सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।