Kosi Live-कोशी लाइव Varanasi Vivad: पुलिस ने की जिस व्यक्ति की पिटाई, वह निकला केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का दामाद,जानिए मामला - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 23, 2025

Varanasi Vivad: पुलिस ने की जिस व्यक्ति की पिटाई, वह निकला केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का दामाद,जानिए मामला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसदीय सीट वाराणसी इन दिनों वकील और पुलिस के बीच टकराव से सुलग रही है। शनिवार रात हुई एक घटना ने पूरे शहर का माहौल गर्म कर दिया। शनिवार रात करीब आठ बजे स्थानीय वकील शिव प्रताप सिंह अपनी पत्नी के साथ लक्ष्मी कुंड मंदिर से दर्शन कर बाइक से लौट रहे थे।

रथयात्रा चौराहे पर पानी भरे होने के कारण जाम की स्थिति थी। इसी दौरान क्राइम इंस्पेक्टर गोपाल कन्हैया से उनका विवाद हो गया। शिव प्रताप का आरोप है कि दरोगा ने रास्ता देने से इनकार किया और उनकी बाइक जब्त करने की धमकी दी। बहस बढ़ने पर इंस्पेक्टर ने उन्हें किसी हथियार से बुरी तरह पीटा, जिससे चेहरे पर गंभीर चोट और हाथ टूट गया। रक्तरंजित हालत में उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

गिरिराज सिंह के दामाद की बर्बर पिटाई

तहकीकात में पता चला कि शिव प्रताप सिंह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के दामाद हैं। उनकी शादी 2013 में गिरिराज के सहोदर भाई जयराज सिंह की बेटी शारदा सिंह से हुई थी। उस वक्त गिरिराज सिंह बिहार सरकार में मंत्री थे और विवाह समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए थे।


वकीलों का आक्रोश और कचहरी में बवाल

सोमवार को अदालत खुलते ही बनारस और सेंट्रल बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक हुई। वकीलों ने पुलिस के रवैये पर कड़ा रोष जताते हुए न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। मंगलवार को आक्रोशित वकीलों ने अदालत परिसर में पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। बड़ागांव थाने के सब-इंस्पेक्टर मिथिलेश प्रजापति और एक सिपाही रिमांड पर्चा लेने आए थे, तभी वकीलों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मिथिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस कार्रवाई और धरना

कैंट थाने में 10 नामजद वकीलों और 50-60 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया, मगर तीन दिन बीतने के बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसी देरी से नाराज होकर सब-इंस्पेक्टर मिथिलेश प्रजापति की पत्नी अनीता यादव और परिजन पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि नामजद मुकदमे के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने भरोसा दिलाया कि जल्द सख्त कदम उठाए जाएंगे और बार एसोसिएशन से सहयोग की अपील की।

राजनीतिक चुप्पी

दिलचस्प है कि अपने दामाद के साथ हुई इस घटना पर अब तक केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया। जबकि यह विवाह खुद उनकी देखरेख में हुआ था और इसमें बिहार के मुख्यमंत्री तक शामिल रहे थे। वाराणसी में इस घटना के बाद से वकील-पुलिस के बीच तनाव चरम पर है। अदालतों में सामान्य कामकाज ठप है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

स्थानीय लोग पूछ रहे हैं कि जब एक केंद्रीय मंत्री के दामाद के साथ ऐसी घटना हो सकती है, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा।