Kosi Live-कोशी लाइव Saharsa News: सहरसा में बेगूसराय के किसान का मिला शव, शरीर पर मिले चोट के निशान; फैली सनसनी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, June 6, 2025

Saharsa News: सहरसा में बेगूसराय के किसान का मिला शव, शरीर पर मिले चोट के निशान; फैली सनसनी

 

सलखुआ (सहरसा)। बिहार के सहरसा जिले में कोसी तटबंध के अंदर चिड़ैया थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकनी टोला में बेगूसराय जिले के रघुनाथपुर गांव निवासी किसान नकुल यादव की संदिग्ध हालात में शव बरामद की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

वहीं, सूचना मिलते ही चिरैया थाना अध्यक्ष कुंदन सहनी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक के शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

स्वजन भी अभी कुछ भी बताने से बच रहे हैं। जानकारी मुताबिक मृतक नकुल यादव मूल रूप से रघुनाथपुर गांव के रहने वाले थे और चिरैया थाना क्षेत्र के चिकनी टोला बहियार में मवेशी पालन एवं बटाई पर खेती करते थे।

शव देखने के बाद पुलिस को दी गई सूचना

बताया जाता है कि गत दो दिन पूर्व उनके स्वजन एक पारिवारिक समारोह में भाग लेने के लिए घर लौट गए थे। जिसके बाद नकुल यादव टाट-फूस के एक अस्थायी घर में अकेले रह रहे थे।

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने टाट-फूस के घर से कुछ ही दूरी पर उनका शव संदिग्ध अवस्था में देखा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सिमरीबख्तियारपुर के प्रभारी एसडीपीओ मु. शुजाउद्दीन ने  बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रतित हो रहा है कि नकुल यादव की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई है।

मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि घटना के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नही हो पाया है ।