भारतीय जनता पार्टी ने बिहार में संगठनात्मक बदलाव करते हुए 5 नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है। सहरसा की कमान साजन शर्मा(42) को सौंपी गई है, जो अति पिछड़ा वर्ग से आते हैं। पार्टी ने 2025 विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक समीकरणों को साधते हुए यह बड़ा दांव खेला है।
भेड़दहरी वार्ड 25 के निवासी हैं साजन शर्मा
साजन शर्मा सहरसा नगर निगम के भेड़दहरी वार्ड संख्या 25 के निवासी हैं। उन्होंने 2007 में भाजपा की सदस्यता ली थी और सहरसा के पूर्व विधायक स्व. संजीव झा के विचारों से प्रेरित होकर राजनीति में सक्रिय हुए।

पार्षद से लेकर मंडल अध्यक्ष तक का सफर
उन्होंने 2007 में वार्ड पार्षद का चुनाव जीतकर सक्रिय राजनीति की शुरुआत की। इसके बाद 2012 और 2017 में लगातार पार्षद पद पर जीत हासिल की। 2015 में जब अतिपिछड़ा वर्ग को विधानसभा टिकट नहीं मिला तो उन्होंने भाजपा छोड़कर जदयू का दामन थाम लिया और जदयू जिला सचिव बने। लेकिन 2017 में फिर से भाजपा में वापसी की।
इसके बाद उन्हें भाजपा का नगर निगम पूर्वी मंडल अध्यक्ष बनाया गया और अब उन्हें जिले की बागडोर सौंपी गई है। इससे पहले दो कार्यकाल तक दिवाकर सिंह (राजपूत समाज) जिलाध्यक्ष रहे।
संगठन को बूथस्तर तक मजबूत करने की जिम्मेदारी
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने कहा, "पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना ही प्राथमिकता होगी। मैं वरिष्ठ नेताओं और पूर्व जिलाध्यक्षों का मार्गदर्शन ले रहा हूं।" उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विश्वास' के नारे को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।