सहरसा के सौरबाजार थाना क्षेत्र में रविवार को अचानक आई तेज हवा और बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। रौताखेम वार्ड नंबर 11 निवासी दीपक कुमार की डेढ़ साल की बेटी उषा कुमारी पर कच्ची दीवार गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची घर में सो रही थी, तभी आंधी और बारिश के बीच यह हादसा हुआ।
सो रही थी मासूम, भरभरा कर गिरी दीवार
परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान घर की जर्जर कच्ची दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। दीवार का मलबा सीधे बच्ची के सिर पर गिरा, जिससे उसे सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।
मौत की खबर से मां-बाप हुए बेसुध
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरबाजार पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। पिता दीपक कुमार और मां बेसुध हो गए। परिवार की आंखों के सामने उनका नन्हा सपना हमेशा के लिए बिछड़ गया।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। सौरबाजार थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
लोगों ने की सरकारी मदद की मांग
घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और कच्चे मकानों के पुनर्निर्माण के लिए योजना लागू करने की मांग रखी है।