सहरसा में ड्रीम 11 के जरिए मजदूर की किस्मत रातोंरात बदल गई। बनमा इटहरी प्रखंड के पहलाम गांव के राम टोला निवासी दिनकर कुमार(25) ने मात्र 49 रुपए लगाकर डेढ़ करोड़ रुपए जीत लिए। आज वह इन रुपए से अपना सपना पूरा करना चाहता है। बच्चों का अच्छे स्कूल में नामांकन कराना और महल जैसा घर बनाना चाहता है। साथ ही, कर्ज को चुकाना चाहता है।
दिनकर महादलित समुदाय से हैं। वह दिहाड़ी मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते थे। साल 2023 से वह ड्रीम 11 पर क्रिकेट खेलने लगे। अब तक करीब दो हजार गेम में हिस्सा ले चुके हैं। इस दौरान उन्होंने एक लाख से ज्यादा रुपए लगा दिए थे। इस बात को लेकर पत्नी से अक्सर विवाद भी होता था।
दिनकर ने बताया कि मेरे परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। मेरे पिता कैलू राम गांव में आइसक्रीम बेचकर परिवार चलाते थे। मैंने ड्रीम 11 पर एक टीम बनाई। यह टीम टॉप पर रही और उन्हें फर्स्ट प्राइज के रूप में डेढ़ करोड़ रुपए मिले।
3 बहनों की शादी का चुकाएंगे कर्ज
उन्होंने बताया कि मैं अब इस पैसे से सबसे पहले अपनी तीन बहनों की शादी का कर्ज चुकाउंगा। इसके बाद अपनी टूटी-फूटी झोपड़ी को पक्का मकान बनाना चाहता हूं। साथ ही, एक छोटा व्यवसाय शुरू कर परिवार को बेहतर जीवन देना चाहता हूं।
गांव में यह खबर फैलते ही लोग दिनकर को बधाई देने पहुंच रहे हैं। उनकी सफलता पूरे गांव के लिए प्रेरणा बन गई है।