सहरसा में मंगलवार की रात साढ़े 9 बजे लॉज के कमरे में युवक का शव फंदे से लटका मिला। आसपास के लोग उसे तुरंत निजी क्लिनिक ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना लक्ष्मीनिया चौक स्थित होम्योपैथी कॉलेज के पास की है। मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के घेलाड़ थाना क्षेत्र के झिटकिया गांव निवासी ललटू कुमार(24) के रूप में हुई है। ललटू अपने बहनोई के लॉज में रहकर पढ़ाई करता था। साथ ही, छोटे बच्चों को शाम में ट्यूशन पढ़ाता था।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे परिजन शव के साथ सहरसा सदर थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। यह हत्या का मामला है।
जांच के लिए FSL की टीम को बुलाया
सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। फिर भी, मामले की गहन जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज चुकी है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।