सहरसा में 3 अप्रैल की शाम वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला हुआ। घटना बसनही थाना क्षेत्र के इजमाईल संथाली टोला की है। इसको लेकर सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने शुक्रवार की शाम मीडिया को जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बीते 3 अप्रैल की शाम बसनही थाना की पुलिस ने जब बाइक पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस हमले में चौकीदार राजेंद्र पासवान गोली से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वो इलाजरत है।
50 हजार का इनामी अपराधी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। इस दौरान मधेपुरा निवासी नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया। नीतीश मधेपुरा जिले का 50 हजार का इनामी अपराधी है। वह एक हत्या के मामले में वांछित था। गिरफ्तार अपराधी से दो अर्धनिर्मित देसी कट्टे, एक देसी कट्टा, मोटरसाइकिल, मोबाइल और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। उसकी निशानदेही पर मकई के खेत से एक और देसी कट्टा और कारतूस मिला।
चौसा और पुरैनी थाने में कई मामले दर्ज
नीतीश के खिलाफ चौसा और पुरैनी थाने में कई मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। फरार दो अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सहरसा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समरी बख्तियारपुर के नेतृत्व में छापेमारी जारी है।
पुलिस उपाधीक्षक ने घायल चौकीदार से अस्पताल में मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इस अभियान में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, एसडीपीओ आलोक कुमार, डीएसपी धीरेंद्र कुमार पांडेय समेत कई अधिकारी शामिल हैं.