सहरसा में पेट्रोल के बकाया पैसे को को लेकर डरहार थाना क्षेत्र के सत्तौर चौक पर विवाद हो गया। इसको लेकर दुकानदार पर गोली चलायी गयी। गनीमत रहा कि दुकानदार बच गया। हांलाकि, मौके पर पहुंची पुलिस मामले की कानूनी कार्रवाई मे जुटी है।
घटना में मौसम यादव नाम का युवक पेट्रोल बेचने वाले दुकानदार बादल कुमार से उधार पेट्रोल मांगने पहुंचा। दुकानदार ने पुराना बकाया चुकाने को कहा। इस बात पर दोनों में विवाद हो गया।
मौसम यादव वहां से चला गया। कुछ समय बाद वह अपने साथियों के साथ लौटा। आरोपियों ने पेट्रोल बेचने वाले दुकान पर फायरिंग शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 5 राउंड फायरिंग की गई। एक गोली दुकान में लगी। हालांकि दुकानदार बाल-बाल बच गए।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना पाकर डरहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक सभी हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस को मौके से कोई खोखा नहीं मिला। डरहार थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।