Kosi Live-कोशी लाइव Madhepura Bihar: विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर अवैध संबंध का आरोप; मायके वालों ने कहा- बेटी को प्रताड़ित करता था दामाद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, March 25, 2025

Madhepura Bihar: विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर अवैध संबंध का आरोप; मायके वालों ने कहा- बेटी को प्रताड़ित करता था दामाद


मधेपुरा में सोमवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान कुमारखंड थाना क्षेत्र के रहठा निवासी विपिन कुमार की पत्नी काजल कुमारी (22) के रूप में हुई है। उसका मायका कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में था। काजल की शादी ढाई साल पहले विपिन साह से हुई थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति के अवैध संबंध और दहेज की मांग पूरी न होने के कारण उसकी हत्या कर दी गई। मृतका के मायकेवालों का कहना है कि पति विपिन साह घर पर ही कोचिंग पढ़ाता था, इसी दौरान उसका किसी अन्य लड़की से लव अफेयर हो गया। इसके बाद से वह अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने लगा। काजल को आए दिन शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

दहेज में बाइक की मांग कर रहा था आरोपी
मृतका की मां हीरा देवी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दामाद ने दहेज में गाड़ी की मांग शुरू कर दी थी। जब उनकी आर्थिक स्थिति इस मांग को पूरा करने लायक नहीं थी, तो काजल पर अत्याचार बढ़ने लगा।सोमवार की शाम काजल के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की गई, फिर उसे जबरन जहर खिलाकर मार दिया गया। मायकेवालों का दावा है कि उस पर मोटर पाइप से हमला किया जाता था और आए दिन यातनाएं दी जाती थीं।

छह महीने के बच्चे को छोड़ गई काजल
काजल की एक छह महीने की संतान है, जिसका जन्म ऑपरेशन के जरिए हुआ था। इस सर्जरी के लिए मायकेवालों ने एक लाख रुपये खर्च किए थे। बावजूद इसके ससुराल में काजल को कभी सम्मान नहीं मिला और उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हैं। मंगलवार की सुबह मधेपुरा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।