संवाददाता, मधेपुरा। पंजाब पुलिस की सूचना पर जिले के कुमारखंड बाजार से शुक्रवार को स्थानीय पुलिस ने तीन तस्करों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में शामिल करणजीत यादव, मुकेश कुमार और साजन सिंह को पंजाब पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। शुक्रवार शाम को पंजाब पुलिस तीनों आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अमृतसर रवाना हुई।गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ अमृतसर के छेरहटा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 42/25 दर्ज है।
ननिहाल में छुपा था करणजीत
पुलिस के हत्थे चढ़े करणजीत और मुकेश बिहार के रहने वाले हैं, जबकि साजन सिंह कपूरथला का रहने वाला है। तीनों आरोपितों का घर कपूरथला में एक ही जगह है।करणजीत के पिता मुकेश यादव 20 वर्ष पूर्व ही कपूरथला में घर बनाकर रहने लगे हैं। ये मूल निवासी सुपौल जिले के भट्टाबाड़ी का है। करणजीत तीन दिनों से कुमारखंड स्थित ननिहाल में रह रहा था।
मामा गिरजेश यादव के घर रहने की सूचना पुलिस को मिली थी। कुमारखंड थानाध्यक्ष पंकज कुमार के अनुसार तीनों आरोपितों को सूचना के आधार पर कुमारखंड बाजार से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब पुलिस के हवाले किया गया।पंजाब पुलिस की सूचना पर एनडीपीएस एक्ट के आरोपित करणजीत यादव, मुकेश कुमार और साजन सिंह को कुमारखंड थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपित करणजीत यादव अपने साथियों के साथ छिपकर ननिहाल में रह रहा था। आरोपितों के खिलाफ पंजाब पुलिस वारंट लेकर आई थी, गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपितों को पंजाब पुलिस अपने साथ लेकर चली गई। - प्रवेंद्र भारती, एएसपी मधेपुरा।
