सहरसा सदर थाना इलाके के नरियार वार्ड नंबर 8/12 में एक नशेड़ी युवक ने घर में घुसकर पहले महिला से छेड़खानी की और विरोध करने पर दंपती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से जख़्मी हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सुचना पर पहुंची पुलिस से पीड़ित ने निष्पक्ष जाँच कर कार्रवाई की मांग किया है। घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी रेशमी खातून (20) और उनके पति मोहम्मद नाजिम (22) के रूप में हुई है। जो अपनी ससुराल नरियार आए हुए थे।
हमला कर मोबाइल भी छीना
पीड़िता की मां रूही खातून ने बताया कि आरोपी मोहम्मद अंजार ने उनके घर में घुसकर पहले चाकू दिखाकर रेशमी का मोबाइल छीन लिया और फिर उससे अश्लील हरकतें करने लगा। जब रेशमी ने विरोध किया तो उसने उसके हाथ पर चाकू से वार कर दिया। शोर सुनकर जब रेशमी के पति नाजिम बाथरूम से बचाने आए, तो आरोपी ने उनके पेट में तीन बार चाकू घोंप दिया।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दंपति को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया कि उनकी बेटी की शादी को अभी मात्र 9 महीने हुए हैं और वह एक महीने पहले ही मायके आई थी। उन्होंने सदर थाने में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग किया है।
जांच में जुटी पुलिस
सहरसा सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
