Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA/सहरसा से लापता युवती मुंबई से बरामद:बोली-डिप्रेशन में घर छोड़कर गई थी, पुलिस ने परिजनों को सौंपा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, January 4, 2025

SAHARSA/सहरसा से लापता युवती मुंबई से बरामद:बोली-डिप्रेशन में घर छोड़कर गई थी, पुलिस ने परिजनों को सौंपा


सहरसा के नवहट्टा प्रखंड के शाहपुर गांव की एक लड़की 13 दिसंबर को सुसाइड नोट लिखकर घर से गायब हो गई थी। उसने अपने नोट में लिखा था, "पापा, मैं सुसाइड करने जा रही हूं। मेरी बहनों को काबिल बनाना ताकि कोई उन्हें प्रताड़ित न कर सके।" जिसके बाद लड़की के पिता ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी।

उन्होंने बताया था कि लड़की की शादी सहरसा के शिवम गुप्ता से तय हुई थी, लेकिन लड़के पक्ष द्वारा शादी की तारीख देने से इनकार और कार की मांग के चलते तनाव पैदा हुआ। इस कारण लड़की डिप्रेशन में चली गई और घर छोड़ दिया।

दोस्त के साथ मुंबई गई थी

परिवार की शिकायत पर पुलिस ने सदर एसडीपीओ आलोक कुमार के नेतृत्व में जांच शुरू की। तकनीकी माध्यम से पुलिस ने लड़की को मुंबई से बरामद किया। जांच में पता चला कि वह अपने दोस्त के साथ मुंबई चली गई थी, जिसने वहां उसे एक फ्लैट में रहने की जगह दी। लड़की ने बताया कि डिप्रेशन के चलते उसने यह कदम उठाया था।

पुलिस ने लड़की को सुरक्षित घर वापस भेज दिया है और कोर्ट में उसका 164 का बयान दर्ज कराया गया। सहरसा पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लड़की को सही-सलामत बरामद कर परिवार को सौंप दिया।