सहरसा के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के तिरी वार्ड में एक 7 महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 20 साल की काजल देवी के रूप में हुई है, जिनकी शादी एक साल पहले गुलशन ऋषि देव के साथ हुई थी।
मृतका के भाई मदन कुमार ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन की हत्या उसके पति ने की है। उन्होंने बताया कि गुलशन नशे का आदी था और काजल जब उसे नशा छोड़ने की सलाह देती थी, तो वह उसके साथ मारपीट करता था। घटना के बाद से पूरा ससुराल पक्ष फरार है।
काजल का मायका मधेपुरा के शंकरपुर बरियाही वार्ड नंबर-6 में है, जहां उनके पिता जनार्दन सादा रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन ससुराल पहुंचे, लेकिन तब तक वहां से सभी लोग फरार हो चुके थे। परिजनों ने बैजनाथपुर पुलिस को सूचित किया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। एफएसएल टीम के साथ आगे की कार्रवाई जारी है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर अनुसंधान किया जा रहा है।
