Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:भाजपा नेता के पिता को अपराधियों ने मारी गोली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 14, 2024

MADHEPURA:भाजपा नेता के पिता को अपराधियों ने मारी गोली



मधेपुरा में गुरुवार की शाम अपराधियों ने भाजपा नेता के पिता को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत जजहट सबैला वार्ड-11 की है। बताया जाता है कि गुरुवार की शाम भाजपा के जिला महामंत्री अभिषेक कुमार साह के पिता राम नारायण साह अपने घर के आगे टहल रहे थे।


इसी दौरान बदमाशों ने उनके सीने में गोली मार दी। गोली सीने के आर-पार निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग वहां पहुंचते तब तक अपराधी भाग चुका था। स्थानीय लोगों ने उसे जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।

जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टर के अनुसार घायल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार समेत अन्य नेता भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग की

जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि जानकारी मिलते ही हम लोग यहां पहुंचे हैं। प्रशासन से यही मांग करेंगे कि जल्द से जल्द इस घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया जाए। दिनदहाड़े घर के सामने इस तरह की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

घायल को अस्पताल ले जाते कर्मी।
पैक्स चुनाव लड़ने की तैयारी में थे

स्थानीय लोगों ने बताया कि रामनारायण साह इस बार पैक्स चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। वे गुरुवार शाम को गांव में टहल कर घर लौट रहे थे। इस बीच घर के पास बाइक सवार अज्ञात लोगों ने उन पर सामने से गोली चला दी। गोली रामनारायण साह को सीने में लगी।


जल्द होगी सभी की गिरफ्तारी

थानाध्यक्ष वीरेंद्र राम ने बताया की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है। जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।