मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरगांव में 11 नवंबर की रात एक वृद्ध महिला की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में अब तक एक भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जबकि महिला के बेटे ने दो नामजद समेत चार अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज करवाई है। आज इस घटना को लेकर युवा राष्ट्रीय जनता दल का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।
युवा राजद के जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि राजीव राजा ने कहा कि बिहार में हर दिन आपराधिक घटनाएं हो रही है। अपराधियों में शासन प्रशासन का कोई डर नहीं है। उन्होंने कहा कि धुरगांव में जिस तरह निर्मला देवी की हत्या की गई, उससे लोग दहशत में है।
सुशासन की राज में लगातार हो रही हत्याएं
वहीं युवा राजद के जिला प्रधान महासचिव सह प्रवक्ता संजीव कुमार ने कहा कि कथित सुशासन की राज में लगातार हत्याएं हो रही है। निर्मला देवी की हत्या से हम सभी मर्माहत हैं। उन्होंने कहा कि घटनाक्रम के विभिन्न बिंदुओं का अवलोकन करने पर पता चला कि मृतका निर्मला देवी के बेटे सुबोध कुमार 2022 में एक पीसीसी सड़क निर्माण के लिए पार्टनरशिप में प्रशांत कुमार सिंह उर्फ शिवमुनि सिंह के साथ ठेकेदारी लिया था, जो 5 लाख 40 हजार रुपए का था।
सोए अवस्था में मारी गोली
उन्होंने कहा कि पार्टनरशिप होने के नाते दोनों को आधा-आधा राशि निर्माण में लगाना था, लेकिन प्रशांत ने सुबोध को बरगलाकर पूरी 5 लाख 40 हजार रुपए की राशि खर्च करा दिया। निर्माण कार्य पूर्ण होने पर मुनाफा तो दूर मूल पूंजी भी लौटाने से मुकर गया। इसी के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
इसी विवाद में 11 नवंबर की रात लगभग 1.30 बजे दरवाजे पर सोई सुबोध कुमार की मां निर्मला देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि नामजद आरोपी को पकड़ने के बाद भी पुलिस ने उसे छोड़ दिया। क्या नीतीश सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति यही है।
युवा राजद पीड़ित परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है। पूरे प्रकरण को लेकर युवा राजद का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी एवं डीएम से मुलाकात कर हत्याकांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करेगा।
