सहरसा के कायस्थ टोला वार्ड 33 में एक महिला को उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने बेहरमी से पीटा। वहीं घायल महिला को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। मारपीट का वीडियो घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। जो कि अब वायरल हो रहा है। पीड़ित महिला के फर्द बयान पर सदर थाने की पुलिस ने कांड दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना इलाके के वार्ड 33 निवासी अमृत सिन्हा की पत्नी आम्रपाली (33) को ससुराल में उसके ही देवर, सांस समेत अन्य लोगों ने पीट दिया। घायल महिला आम्रपाली का मायका मुंबई में है और वो दलित परिवार से आती है। आम्रपाली ने कहा कि उसने प्रेम विवाह किया है। उसका पति मुंबई में देव रहस्य सीरियल में प्रोड्यूसर के रूप में कार्य करता था। इस बीच उसकी मुलाकात और दोस्ती हुई फिर नवंबर 2019 में मुंबई में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर लिया।
इसके बाद अमृत सिन्हा अपनी बीबी को लेकर सहरसा स्थित घर लेकर आ गया। दलित परिवार की बेटी से शादी करने पर घर में विवाद शुरू हो गया। इधर बीते 30 सितम्बर को सुबह करीब 6 बजे आम्रपाली के ससुर की बीमारी से मौत हो गई। इसके बाद जब वह मृत ससुर के शरीर को छूकर प्रणाम करने गई तो उसकी सांस और देवर ने मना कर दिया।
उन लोगों ने कहा कि दलित के छूने से मृत आत्मा को शांति नहीं मिलेगी। इतना कहने के बाद पति ने वीडियो कालिंग कर पिता को दिखाने को कहा। इस बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उसके देवर आशुतोष कुमार, चचेरे देवर आशीष सिन्हा, अर्पित सिन्हा, अंकुर सिन्हा, रवि भूषण सिन्हा अन्य चार अज्ञात युवकों ने मारपीट शुरू कर दिया। सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि फर्द बयान पर कांड दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि मामले में तहकीकात और कार्रवाई की जा रही है।
