सहरसा में 36 साल के स्वर्ण व्यवसायी पंकज सोनी की करंट लगने से गुरुवार को मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। व्यवसायी की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मारूफगंज में रहने वाले स्वर्ण व्यवसायी पंकज सोनी के घर में अचानक करंट आने लगा था। ऐसे में वह छत पर करंट आने का कारण जानने के लिए गया थे, इस दौरान वह इसकी चपेट में आ गया। परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी लगी तो वे पंकज को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, एक आठ साल का पुत्र और एक तीन साल की पुत्री सहित पूरा परिवार छोड़ गया है। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी की तबियत बिगड़ गई, जिसे परिजनों ने इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
सूचना मिलते ही स्वर्ण व्यवसायी संघ के सदस्य अस्पताल पहुंचे और घटना पर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि यह घटना बिजली विभाग की लापरवाही से हुई है। लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
