पूर्णिया में प्रेम संबंध के बाद खौफनाक हत्याकांड, महिला का सिर धड़ से अलग कर नहर किनारे फेंका
24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, निशानदेही पर महिला का कटा सिर और 2 साल की बच्ची का कंकाल बरामद; बड़ी बेटी सकुशल मिली
पूर्णिया। मरंगा थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध से जुड़े विवाद के बाद एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, महिला पूजा देवी की हत्या कर उसके शव को नहर के पास फेंक दिया गया और पहचान छिपाने के लिए सिर धड़ से अलग कर दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी मोहम्मद मोफिल को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने महिला का कटा हुआ सिर और उसकी करीब दो वर्षीय बेटी अनुष्का का कंकाल भी बरामद किया है। वहीं, महिला की बड़ी बेटी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके दादा के हवाले कर दिया है।
नहर किनारे मिला सिर कटा शव
कल्याणपुर चौक पुल के पास 3 नंबर नहर के समीप लोगों ने महिला का शव देखा था। शव से सिर गायब था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पूर्णिया एसएसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। FSL और DIU टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान घटनास्थल से मिले सुराग और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने मृतका की पहचान पूजा देवी, पति पवन शर्मा के रूप में की। इसके बाद रहुआ मोगलानी निवासी मोहम्मद मोफिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
शादी के दबाव में हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक पूजा देवी अपने पति का घर छोड़कर मोफिल के साथ रह रही थी। आरोपी पहले से शादीशुदा था। पूजा उससे शादी कर हमेशा साथ रहने की बात कह रही थी। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद में मोफिल ने पूजा की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए उसका सिर काटकर अपने साथ ले गया।
बच्ची की मौत का भी खुलासा
जांच के दौरान पुलिस के सामने इस मामले का एक और गंभीर पहलू सामने आया। पुलिस के अनुसार पूजा की करीब दो वर्षीय बेटी अनुष्का की भी हत्या कर शव छिपा दिया गया था। आरोपी की निशानदेही पर बच्ची का कंकाल बरामद किया गया।
वहीं, पूजा की बड़ी बेटी को भी आरोपी द्वारा छिपाकर रखने की बात सामने आई। पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके दादा के हवाले कर दिया।
हथियार की तलाश जारी
FSL टीम ने घटनास्थल और अन्य स्थानों से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार को आरोपी ने पानी में फेंक दिया था। पुलिस अब हथियार की बरामदगी के लिए तलाश कर रही है।
ससुर की शिकायत पर केस दर्ज
मामले में मृतका के 70 वर्षीय ससुर जलधर शर्मा की शिकायत पर मरंगा थाना में कांड संख्या 349/26 दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ हत्या, बच्ची की मौत, बड़ी बेटी को छिपाने और हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।