Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA/एक लाख रुपए का इनामी बदमाश सहयोगी के साथ गिरफ्तार:मधेपुरा में STF और पुलिस से मुठभेड़ में लगी गोली, - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, September 6, 2024

MADHEPURA/एक लाख रुपए का इनामी बदमाश सहयोगी के साथ गिरफ्तार:मधेपुरा में STF और पुलिस से मुठभेड़ में लगी गोली,


बिहार एसटीएफ और मधेपुरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बेलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पेट्रोल पंप के समीप एक लाख के इनामी बदमाश सोनू कुमार उर्फ बिजली यादव को उनके सहयोगी मुरली यादव के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ में सोनू कुमार उर्फ बिजली गोली लगने से घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है।

घायल सोनू कुमार का पुलिस अभिरक्षा में जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। गुरुवार की शाम एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक उसके ऊपर सहरसा एवं मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी एवं ऑर्म्स एक्ट के नौ कांड पूर्व से दर्ज हैं।

उसके पास से एक पिस्तौल, तीन देसी कट्‌टा, 11 कारतूस, 2 खोखा और 2 मोबाइल बरामद किया गया। गिरफ्तार सोनू यादव ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के विषबाड़ी वार्ड दो का रहने वाला है। पुलिस को काफी दिनों से उसकी तलाश थी। उसकी गिरफ्तारी को लेकर विशेष टीम का गठन कर पिछले कई दिनों से लगातार छापेमारी की जा रही थी।

सोनू उर्फ बिजली यादव के ऊपर मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों में 9 कांड दर्ज है। जिसमें ग्वालपाड़ा में 6 और उदाकिशनुगंज में 3 कांड शामिल है। वह तीन लाख के इनामी अपराधी जनेश्वर यादव गिरोह का सक्रिय सदस्य है। हाल ही में उदाकिशुनगंज में शिक्षक मंटू राम की हत्या में वह नामजद है।

कुख्यात बदमाश की गिरफ्तारी के बाद दिनभर मेडिकल कॉलेज में विभिन्न थाने की पुलिस पहुंचती रही। बिजली उर्फ सोनू को मेडिकल कॉलेज के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया है। जहां किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। यहां तक की सुबह में चिकित्सा कर्मियों के प्रवेश पर भी रोक लगा दिया गया था।

हाल में ही उदाकिशुनगंज में शिक्षक मंटू राम और 2021 में उसके पिता श्यामलाल राम की हत्या मामले में वह नामजद आरोपी है। मंटू राम की हत्या मामले में उनकी पत्नी और परिवार के कई सदस्यों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।