मधेपुरा के कुमारखंड थाना क्षेत्र के रहटा स्थित बदमाश राजा यादव उर्फ राजा हीरो के कामत कैंपस में पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने 3 बदमाश को 2 कट्टा, 2 जिंदा कारतूस, पिस्टल का एक खाली मैगजीन, एक खोखा और 3 बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश कुमारखंड थाना क्षेत्र के रहटा बाजार में राहगीर से लूटपाट को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
कुमारखंड थानाध्यक्ष संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली कि बदमाश राजा यादव उर्फ राजा हीरो रहटा स्थित अपने कामत कैंपस में अन्य बदमाशों के साथ रहटा बाजार में राहगीर से लूटपाट की साजिश रच रहा है। थानाध्यक्ष ने वरीय पदाधिकारी से मार्गदर्शन प्राप्त कर एक छापेमारी टीम का गठन किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस कुमारखंड थाना क्षेत्र के रहटा निवासी चेतन यादव, रहटा सोनापुर निवासी मोनू कुमार और मुरलीगंज थाना क्षेत्र के दीनापट्टी निवासी गौरव कुमार को 2 देसी कट्टा, 2 गोली,1 पिस्टल का खाली मैगजीन, 1 खोखा व 3 बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि इस दौरान गिरोह का सरगना राजा यादव एवं आकाश यादव अपनी बाइक के पीछे में 2-2 बदमाश को बैठाकर नहर के रास्ते होकर फरार हो गया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने स्वयं के आवेदन पर थाने में दर्ज प्राथमिकी में चर्चा करते हुए बताया है कि कुख्यात बदमाश राजा यादव उर्फ राजा हीरो के संबंध ग्रामीण दबी जुबान में बोलते हैं कि वह अपने गुर्गे के 8-10 लड़का के साथ बाइक पर हथियार से लैस होकर सवार होकर क्षेत्र में घूमता है। इन अपराधियों के डर से रहटा बाजार के कई दुकानदार दुकान बंद कर बाजार छोड़ दिया है।
