सहरसा के सिमरी-बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बुनियाद केंद्र में तैनात निजी सुरक्षा गार्ड का शुक्रवार सुबह संदिग्ध अवस्था में शव मिला है। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान शिव नंदन तांती के बेटे सचिन कुमार (25) के रूप में की गई है, जो भौरा गांव का रहने वाला है। वहीं, परिजनों ने सुरक्षा गार्ड की हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बताया जा रहा है कि बुनियाद केंद्र के सबसे ऊपरी मंजिल के कमरे से निजी सुरक्षा गार्ड का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह पूरी ब्लीडिंग सीसीटीवी कैमरे से लैस है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है।
इधर, आक्रोशित लोगों ने रोड जाम कर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे पुनपुन यादव ने बताया कि जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि आपके थाने से 10 कदम की दूरी पर इतनी बड़ी घटना हुई है। यह होनहार लड़का था, रात में नाइट ड्यूटी करता था और पढ़ाई भी करता था।
ऐसे इंसान की हत्या हो गई है। हम लोग सुरक्षित नहीं है। प्रशासन से मांग करते है कि इसकी न्यायिक जांच की जाए और मृतक के परिजनों को कंपनी से 20 लाख का मुआवजा दिया जाय। इधर, सड़क करीब 3 घंटे तक जाम रहा। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया है।
