Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पूर्णिया में नॉमिनेशन से पहले सियासी उथल-पुथल:पूर्व सांसद उदय सिंह से पप्पू यादव और बीमा भारती ने की मुलाकात, दोनों ने की समर्थन की मांग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, April 2, 2024

BIHAR:पूर्णिया में नॉमिनेशन से पहले सियासी उथल-पुथल:पूर्व सांसद उदय सिंह से पप्पू यादव और बीमा भारती ने की मुलाकात, दोनों ने की समर्थन की मांग


पूर्णिया में 3 और 4 अप्रैल को दो बड़े नॉमिनेशन होने हैं। वहीं इन दो नॉमिनेशन से पहले जिले में सियासी उथल -पुथल बढ़ गई है। सीमांचल के कद्दावर कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह के कांग्रेस छोड़ने के ऐलान के ठीक बाद पूर्व सांसद पप्पू यादव और पूर्व विधायक राजद प्रत्याशी बीमा भारती पूर्व सांसद उदय सिंह के आवास पहुंचने के बाद से सियासी खलबली मची है। दोनों ने बारी - बारी से पूर्व सांसद से मुलाकात की और अपने पक्ष में समर्थन मांगा।

दोनों ही प्रत्याशियों की बातचीत तकरीबन एक घंटे तक चली। इस दौरान दोनों ही प्रत्याशियों के समर्थक अपने समर्थकों संग पूर्व सांसद उदय सिंह के मधुबनी स्थित निज निवास पहुंचे। सबसे पहले पप्पू यादव पूर्व सांसद उदय सिंह के घर पहुंचे पैर छूकर आशीर्वाद लिया। बंद कमरे में पप्पू यादव और पप्पू सिंह के बीच बातचीत हुई। इस दौरान पप्पू यादव ने उदय सिंह से समर्थन मांगा। चुनाव प्रचार में साथ आने की अपील की। हालांकि पप्पू सिंह ने इस पर क्या कहा, यह अब तक साफ नहीं हो सका है।

पप्पू यादव ने एक घंटे तक पूर्व सांसद से की बातचीत।
पप्पू यादव ने एक घंटे तक पूर्व सांसद से की बातचीत।

वहीं पप्पू यादव के निकलते ही राजद प्रत्याशी बीमा भारती, अपने समर्थकों के साथ पूर्व सांसद उदय सिंह से मिलने पहुंची। बीमा भारती ने भी अपने पक्ष में समर्थन मांगा और कल के नॉमिनेशन में आशीर्वाद देने पहुंचने की अपील की। करीब एक घंटे तक चली बातचीत के बाद बीमा भारती मीडिया से मुखातिब हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि अभिभावक होने के नाते उन्होंने पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह से मुलाकात करने और आशीर्वाद लेने पहुंची थी। कल होने वाले नॉमिनेशन के लिए भी उन्होंने आमंत्रण दिया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि वो नॉमिनेशन में पहुंचेंगे साथ ही रंगभूमि मैदान में होने वाली तेजस्वी की जनसभा में मंच साझा करेंगे। अविभावक होने के नाते उम्मीद है कि वे अपना आशीर्वाद बनाए रखते हुए चुनावी मैदान में भी उनके लिए समर्थन मांगने उतरेंगे।

राजद प्रत्याशी बीमा भारती भी पूर्व सांसद से मिलने पहुंची, नॉमिनेशन में आने का आमंत्रण दिया
राजद प्रत्याशी बीमा भारती भी पूर्व सांसद से मिलने पहुंची, नॉमिनेशन में आने का आमंत्रण दिया

सवर्ण जाति से आते हैं पप्पू सिंह

दोनों ही प्रत्याशियों के पूर्व सांसद पप्पू सिंह उर्फ उदय सिंह से मुलाकात के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल पूर्व सांसद उदय सिंह सवर्ण जाति से आते हैं। उनकी पकड़ लोकसभा के न सिर्फ सवर्ण वोटरों में है, बल्कि मुस्लिम वोटर, पिछड़े-अतिपिछड़े, अनुसूचित जाति-जनजाति में भी है।