छपरा। सारण जिला अंतर्गत सोनपुर अनुमंडल क्षेत्र के हरिहरनाथ थाना क्षेत्र के लकड़ी बाजार में दोस्त के घर गए एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक का शव उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर उसके दोस्त लाला के घर के एक कमरे से बरामद किया गया। मृतक के सिर पर चोट का निशान था, जबकि सीना बुरी तरह झुलसा हुआ था।
loksabha election banner
मृतक के स्वजनों ने मारपीट करने के बाद जला कर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, युवक की मौत कैसे हुई यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही बताया जा सकता है।
मृतक की पहचान हरिहरनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपुर वार्ड नंबर 19 अहीर पट्टी निवासी 24 वर्षीय निखिल कुमार उर्फ माेनू पिता अवधेश सिंह के रूप में की गई।
तहकीकात में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर हरिहरनाथ एवं सोनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजवा दिया।
जानकारी मिलने पर एसडीपीओ सोनपुर भी मौके पर पहुंचे और घटना की तहकीकात में जुटे पुलिस पदाधिकारियों को कई निर्देश दिए।
एफएसएल ने जमा किए सबूत
थाना पुलिस की मांग पर घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची और जांच के लिए नमूना संग्रह किया। जिस कमरे से युवक का शव बरामद हुआ उसमें रखा पलंग एवं बिछावन जला हुआ था। एफएसएल की टीम एकत्र नमूना से जांच करेगी कि आग कैसे लगी।
इस मामले में मृतक निखिल कुमार उर्फ माेनू के भाई नीतेश कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर हरिहरनाथ थाना पुलिस ने घटना की जांच व तहकीकात शुरू की। उसमें मृतक के दोस्त सहित अन्य को आरोपित किया गया है।
मृतक के भाई ने पुलिस को क्या बताया?
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की शाम निखिल को बुलाने उसका दोस्त लाला आया था। वह निखिल को बुलाकर अपने घर ले गया। देर रात तक वह नहीं लौटा।
सुबह में उसकी हत्या किए जाने की सूचना मिली तो थाना पुलिस को खबर देकर बुलाया गया। युवक की हत्या क्यों की गई यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस द्वारा मृतक के दोस्त लाला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
क्या बोले एसडीपीओ?
एक युवक का झुलसे हुआ शव उसके दोस्त के घर से बरामद हुआ है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। युवक की मौत किस परिस्थिति में हुई यह पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से पता चलेगा। मृतक के स्वजन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। - नवल किशोर, एसडीपीओ सोनपुर सारण
