गायिका दीपाली सहाय।
सिंहेश्वर मवेशी हाट में आज से शुरू हो रहे 3 दिवसीय सिंहेश्वर महोत्सव के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो गई है। मंच सज-धज कर तैयार है। कलाकारों का चयन कर अंतिम रूप दे दिया गया है। डीपीआरओ निकिता ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में पहले दिन इंडियन आईडल फेम दीपाली सहाय की प्रस्तुति होगी।
गायिका अभिलिप्सा पांडा।
उन्होंने आगे कहा कि शाम चार बजे महोत्सव का उद्घाटन राज्य के पर्यटन मंत्री प्रेम कुमार करेंगे। वहीं, सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत, मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव, स्थानीय विधायक चंद्रहास चौपाल, विधायक प्रो चंद्रशेखर, निरंजन मेहता, एमएलसी ललन सर्राफ, डॉ अजय कुमार सिंह भी मौजूद रहेंगे। महोत्सव के उद्घाटन के दिन बाहरी ख्याति प्राप्त कलाकारों में से दीपाली सहाय का कार्यक्रम तय किया गया है। इससे पहले आईसीसीआर पटना और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति होगी।
गायिका अपूर्वा प्रियदर्शी।
इसके बाद स्थानीय स्कूली बच्चों की और से स्वागत नृत्य की प्रस्तुति होगी। सिंहेश्वर के पंडितों की ओर से शिव महा आरती का मंचन किया जाएगा। प्रो अरुण कुमार बच्चन शिव भजन प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा प्रो रीता कुमारी, मनोज कुमार ध्रुपद और प्रांगण रंगमंच का कार्यक्रम होगा। वहीं सती वियोग झांकी भी निकाली जाएगी। बाबा की नगरी में शिव होली भी होगी। अंत मे प्रसिद्ध गायिका इंडियन आइडल फेम दीपाली सहाय अपने गीतों से धूम मचाएगी।


