बहियार में मिली अधेड़ व्यक्ति की लाश:शाम में घर से निकला था रजनीकांत, पंजाब में रह कर राजमिस्त्री का काम करता था
मधेपुरा के उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत आलमनगर थाना क्षेत्र के बजराहा बहियार में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त कुंजौरी पंचायत अंतर्गत बजराहा बस्ती वार्ड-9 निवासी विलास पासवान का बेटा रजनीकांत पासवान(38) के रूप में हुई है।
मृतक के चाचा मुकेश पासवान ने बताया कि शनिवार की शाम करीब 6 बजे रजनीकांत पासवान घर से निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसकी खोजबीन की गई। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। सुबह में जब लोग खेत की ओर काम करने जा रहे थे बहियार में उनका शव देखा। लोगों ने घटना की जानकारी परिजन और आलमनगर थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
पंजाब में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था
बताया गया कि मृतक रजनीकांत पासवान पंजाब में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। जिससे उनके परिवार का भरण-पोषण होता था। कुछ माह पूर्व वह अपने गांव आया था। मृतक को तीन बेटा और तीन बेटी है। वहीं मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आलमनगर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों ने अभी आवेदन नहीं दिया है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।
