पटना से आ रही थी मधेपुरा डीएम की गाड़ी
सड़क हादसे में अभी एक महिला और एक बच्चा समेत चार की लोगों की मौत की बात सामने आ रही है. हालांकि चार लोगों की मौत की पुष्टि होनी बाकी है. एक अन्य जो घायल हुआ है उसे बेहतर इलाज के लिए फुलपरास रेफरल अस्पताल से रेफर कर दिया गया है. मरने वाले चार लोगों में दो स्थानीय और दो एनएचएआई के कर्मी बताए जा रहे हैं. मधेपुरा डीएम की गाड़ी पटना से मधेपुरा की ओर जा रही थी.

घटना से आक्रोशित हुए लोग एनएच-57 को जाम करने के बाद हंगामा करने लगे. डीएम की गाड़ी को घेर लिया. गाड़ी में तोड़फोड़ की गई. फुलपरास थाना के पास फोरलेन पर यह दुर्घटना हुई है. मधुबनी डीएम और सिविल सर्जन के फोन के बाद मधेपुरा के जिलाधिकारी की गाड़ी घटनास्थल से निकाली गई.

कैसे हुई घटना?
बताया जाता है कि सुबह में एनएचएआई के कर्मी सड़क पर सफेद पट्टी पेंट कर रहे थे. अचानक एक महिला और एक बच्चा सड़क पर आ गए. उन्हें बचाने के लिए डीएम की गाड़ी के ड्राइवर ने पूरी कोशिश की लेकिन पांच लोग वाहन की चपेट में आ गए. हालांकि डीएम की गाड़ी में डीएम थे या नहीं इसकी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है.
