संवाद सहयोगी, मुंगेर : भाजपा जिला उपाध्यक्ष अंजू भारद्वाज के गले से सोने की चेन बदमाशों ने उड़ा लिया। घटना महिला थाना से चंद कदम दूरी पर हुई। जिला उपाध्यक्ष सोमवारी की पूजा करने झारखंडी नाथ महादेव मंदिर गई थीं। वह पूजा कर थाना के पीछे स्थित अपने घर लौट रही थी।
जिला उपाध्यक्ष का घर महिला थाना और बैजनाथ बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के बीच गली में है। इस गली में ही बदमाशों ने भाजपा नेत्री के गले से सोने की चेन उड़ा ली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार पांडे, कासिम बाजार थानाध्यक्ष मिंटू कुमार दल बल के साथ पहुंचे।
सूचना मिलने के बाद शुरु हुई जांच
मामले की जांच की। सूचना मिलते ही जिलाध्यक्ष अरुण कुमार पोद्दार सहित कई भाजपाइ पहुंचे। थाना पहुंचकर घटना की विस्तृत जानकारी ली। पीड़ित ने बताया कि वह पूजा कर वापस घर लौट रहीं थीं तभी सामने से एक बाइक पर दो युवक आए और पलक झपकते ही गले से चेन झपट ली।
दोनों बाइक से महिला थाना के रास्ते भाग निकला। भागने के क्रम में चेन का कुछ टूकड़ा रास्ते में ही गिर गया। इस मामले में कोतवाली थानाध्यक्ष ने बताया निकट में ही हास्पिटल में लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगाला जा रहा है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।