Kosilive Supaul News in hindi:
जिले के प्रतापगंज थाने में तैनात एक होमगार्ड जवान की मौत हृदय गति रुकने से हो गई। हालांकि उन्हें प्रतापगंज अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रतापगंज थाना के थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गिरिपट्टी वार्ड नंबर-7 निवासी 53 वर्षीय ब्रह्मदेव यादव होमगार्ड के जवान के रूप में प्रतापगंज थाने में प्रतिनियुक्त थे। शनिवार की रात करीब 10 बजे थाने की गश्त गाड़ी में बैठ कर डियूटी पर निकले थे। इसी दौरान अचानक तबीयत खराब होने के उपरांत अस्पताल पहुंचाया।
गश्ती गाड़ी में आया हार्ट अटैक
मृतक के बेटे शंभू यादव ने कहा कि मेरे पिता बीते 10 दिन पहले गणपतगंज कैंप से बदलकर प्रतापगंज थाने में तैनात किए गए थे। पिता जी प्रतापगंज थाना में रहते थे। जहां उन्होंने शनिवार के करीब साढ़े 9 बजे खाना खाया। फिर रात करीब 10 बजे रात्रि गश्ती के लिए पुलिस गाड़ी में बैठ कर ड्यूटी पर निकले थे। ड्यूटी पर निकले मेरे पिताजी की गश्ती गाड़ी में सीने में दर्द हुआ तो उनके सहयोगी उन्हें प्रतापगंज स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां इलाज के दौरान मेरे पिता की मौत हो गई। मृतक को दो बेटे और दो बेटियां हैं। घर का चूल्हा उनके ही कमाई से चलता था। वहीं, प्रतापगंज थाना के थानाध्यक्ष अभिषेक अंजन ने पुष्टि करते हुए बताया हार्ट अटैक से जवान की मौत हुई है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।