पूर्णिया में बारात से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पोल से टकरा गई। इसके बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में ये कार आग का गोला बन गई। कार में सवार बाराती किसी तरह कार से बाहर निकले और अपनी जान बचाई। घटना अमौर थाना क्षेत्र के SH 99 के पास शनिवार को तड़के सुबह करीब 3:30 की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस वक्त यह हादसा हुआ, कार में ड्राइवर समेत शादी समारोह से लौट रहे 6 लोग सवार थे। घटना के बाद सभी फरार हो गए। ये लोग कौन थे, ये अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
कार सवार बारात में शामिल होने कटहार के सनौली गए थे। इसके बाद कार सवार बाराती सनौली से अमौर के नितेंद्र गांव लौट रहे थे। इसी क्रम में ड्राइवर ने अपना नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे एक खंभे से जा टकराई। हादसा होते ही कार में भयंकर आग लग गई।
इधर, अमौर थानाध्यक्ष राजीव कुमार आजाद ने बताया कि स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना दी है। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पोल से जा टकराई थी। इसके बाद कार में आग लग गई। कार में कौन-कौन सवार थे। ये पहचान नहीं हो सका है।