Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR/थानाध्यक्ष ने रुकने को कहा..बदमाशों ने थानाध्यक्ष को मार दी गोली, गंभीर:पूर्णिया में बड़ी साजिश की मिली थी जानकारी; कार्रवाई के लिए पहुंची थी पुलिस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 5, 2023

BIHAR/थानाध्यक्ष ने रुकने को कहा..बदमाशों ने थानाध्यक्ष को मार दी गोली, गंभीर:पूर्णिया में बड़ी साजिश की मिली थी जानकारी; कार्रवाई के लिए पहुंची थी पुलिस

थानाध्यक्ष ने रुकने को कहा..बदमाशों ने गोली मार दी, गंभीर:पूर्णिया में बड़ी साजिश की मिली थी जानकारी; कार्रवाई के लिए पहुंची थी पुलिस
कोशी लाइव/पूर्णिया।

पूर्णिया में अपराधियों ने रविवार देर रात करीब 11 बजे मधुबनी टीओपी थानाध्यक्ष मनीष चंद्र यादव को गोली मार दी। थानाध्यक्ष की कमर में गोली लगी है। घटना को दो पल्सर बाइक सवार अपराधियों ने अंजाम दिया और फरार हो गए।


वहीं अपराधियों की गोली से जख्मी थानाध्यक्ष को आनन-फानन में मैक्स 7 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

एसपी आमिर जावेद ने बताया है कि गोली चलाने वाले अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने निकले थे। अपराधियों ने फोर्ड कंपनी चौक के पास घटना को अंजाम दिया है।

 
रुकने को कहा, तो कर दी फायरिंग

सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष मधुबनी टीओपी और अपर थानाध्यक्ष मरंगा को फोन पर गुप्त सूचना मिली थी। अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए फोर्ड कंपनी चौक पर इकट्ठा हुए हैं। दोनों पुलिस वाले अपनी पर्सनल गाड़ी से पीछा कर रहे थे।

इस दौरान फोर्ड कंपनी चौक पर थानाध्यक्ष मनीष चंद्र यादव को पल्सर पर सवार दो लोग संदिग्ध लगे। उन्होंने दोनों को रुकने के लिए कहा। बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने पिस्टल निकालकर मधुबनी टीओपी थानाध्यक्ष मनीष चंद्र यादव पर फायरिंग कर दी।

 

जिले के सारे बॉर्डर सील

घटना के बाद थानाध्यक्ष को आनन-फानन में शहर के होप रोड़ स्थित मैक्स 7 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे आईसीयू में हैं। उनकी हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। वहीं बेखौफ बदमाशों की धड़पकड़ के लिए जिले के सारे बॉर्डर को सील कर दिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।