Kosilive Bihar News:
नालंदा में सोमवार को एक पुलिसकर्मी की मौत लू लगने से हो गई। मृतक सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत सलखुआ डीह निवासी छत्रधारी के (56) वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार हैं। सुभाष कुमार नालंदा जिले के कतरीसराय थाना में एएसआई के पद पर कार्यरत थे।
कतरीसराय थानाध्यक्ष शरद रंजन ने बताया कि सोमवार की दोपहर बाद अचानक बैरक में उनकी तबीयत खराब हो गई। सेकेंड ओडी में उनकी ड्यूटी लगी हुई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। सुभाष कुमार के शरीर का टेम्परेचर अचानक से बढ़ गया था। संभवत लू लगने से मौत हुई है।
सुभाष कुमार अपने बेटे के साथ नालंदा में रह रहे थे। वहीं इस घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को भी दे दी गई है।
एएसआई की मौत की खबर मिलने के उपरांत जिले भर के पुलिसकर्मियों में शोक की लहर दौड़ पड़ी, वहीं मौत की सूचना मिलने के बाद राजगीर डीएसपी प्रदीप कुमार, राजगीर थानाध्यक्ष सह नालंदा पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद मुस्ताक, पावापुरी गोपी के थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं।
नालंदा पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मो.मुस्ताक ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा नालंदा पुलिस परिवार मृतक के परिजनों के साथ है। पुलिसकर्मी इस भीषण गर्मी के बावजूद भी अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रहे हैं। हम जिला प्रशासन से यह मांग करते है कि वैसे जगह पर जहां पुलिसकर्मी बिना शेड के अपनी रेगुलर ड्यूटी का निर्वहन कर रहे हैं, वहां शेड का निर्माण कराया जाए, अध्यक्ष के नाते हम पुलिसकर्मियों से यह अपील करना चाहते हैं कि लू से बचते हुए अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।
वहीं कतरीसराय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई है। शव को पुलिस लाइन ले जाकर अंतिम सलामी दी जाएगी। इस मौके पर एसोसिएशन के पदाधिकारी अजय सिंह, धर्मेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहें।