Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Crime News/जमीन विवाद या मौत का फरमान? कहीं डॉक्टर की हत्या तो कहीं बेटे ने बाप को मार डाला - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, June 20, 2023

Bihar Crime News/जमीन विवाद या मौत का फरमान? कहीं डॉक्टर की हत्या तो कहीं बेटे ने बाप को मार डाला

Kosilive Crime News/ मधेपुरा में डॉक्टर की हत्या के बाद रोते बिलखते परिजन:
बिहार में होने वाले हत्या की वारदातों में 60 से 70 प्रतिशत कांड जमीनी विवाद के कारण होते हैं। यह सत्य नेता भी मानते हैं और पदाधिकारी भी। लेकिन इस पर लगाम लगाने की कवायद कितनी शिद्दत से की जा रही है इसका प्रमाण हैं भूमि विवाद में हो रहे मर्डर केस। मंलगवार को मधेपुरा में एक डॉक्टर को मौत के घाट उतार दिया गया तो भागलपुर में एक बेटे ने जमीन के लिए पिता की जान ले ली।

 ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या 

मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुर लालचंद पंचायत के सीता टोला वार्ड 11 में मंगलवार की अहले सुबह अज्ञात अपराधियों ने एक 50 वर्षीय ग्रामीण चिकित्सक की गोली मार कर हत्या कर दी। हत्या का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक मृतक महेश्वरी मंडल अपने दरवाजे पर सोए हुए थे। इसी दौरान रात करीब एक बजे बाइक पर सवार होकर पहुंचे अपराधियों ने उसको गोली मार दी। परिजनों आननफानन में उसे अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना के बाद बिहारीगंज थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक के परिजन की माने तो गांव के ही कुछ लोगों से भूमि विवाद चल रहा था। भूमि विवाद में ही हत्या किए जाने की संभावना जताई जा रही है। उदाकिशुनगंज के डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना के बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण भूमि विवाद प्रतीत हो रहा है।

बेटे ने बाप को मार डाला

उधर सुपौल/ छातापुर के राजेश्वरी ओपी थाना क्षेत्र के ग्वालपाड़ा पंचायत में मंगलवार सुबह एक कलयुगी पुत्र ने अपने पिता पर दबिया से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना का कारण आपसी जमीन विवाद बताया जाता है। वहीं पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। बताया जाता है कि राजेश्वरी ओपी थाना क्षेत्र के ग्वालपाड़ा पंचायत निवासी वशिष्ठ मेहता (45) का अपने मझौला पुत्र अजय मेहता से हिस्सेदारी के जमीन को लेकर बीते कुछ माह से विवाद चल रहा है। इसी को लेकर मंगलवार सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई। जिससे बौखलाए पुत्र ने अपने स्कूटी सवार पिता पर पीछे से दबिया से प्रहार कर हत्या कर दी।

घटना के बाद इलाके के लोगों के बीच सनसनी फैल गई। वहीं मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मच गया है। इधर सूचना के बाद पहुंचे स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई है। राजेश्वरी ओपी थानाध्यक्ष ने बताया घटना को लेकर फिलहाल आवेदन नहीं मिला है शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जांच कर आवेदन अनुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल पुत्र अजय कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।