Kosi Live Saharsa Bihar News/
सहरसा: जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर दो नाबालिग लड़कियों के शव मिलने से सनसनी मच गई है। सोमवार को जिले के महिषी थाना क्षेत्र व सौरबाजार थाना क्षेत्र में शव बरामद हुए हैं।
महिषी थाना क्षेत्र के कारू बाबा स्थान के समीप एक भूसा घर से नौ वर्षीय लड़की का शव नग्नावस्था में बरामद किया गया है। शव सड़-गल चुका है। वहीं सौरबाजार थाना के फोरसाहा पुल के नीचे एक सोलह वर्षीय किशोरी का शव बरामद किया गया है। किशोरी का शव पानी में फूल चुका है, जबकि चेहरे को जानवरों ने नोंच खाया है। पुलिस शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुटी है।
जानकारी अनुसार, बीती रात आई आंधी में कारू बाबा मंदिर के समीप अरविंद यादव के भूसा घर का छप्पर उड़ गया। आसपास तेज बदबू आ रही थी। लोग समझने की कोशिश कर रहे थे कि बदबू कहां से आ रही है। इसी दौरान, अरविंद यादव वहां अपना भूसा घर देखने आए। उजड़े भूसा घर को देखने वो पहुंचे तो अज्ञात किशोरी का शव देख हल्ला मचाना शुरू किया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सड़े-गले व नग्नावस्था में बरामद किया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। शव की जानकारी मिलने पर मैना निवासी बेगुन सादा अपनी पत्नी फूलपरी देवी के साथ वहां पहुंचे और शव की पहचान अपनी नतिनी नैनी कुमारी के रूप में की। किशोरी के कपड़े और चप्पल भी मौके से बरामद हुए। मृतक नाबालिग के नाना ने बताया कि वो शनिवार से गायब थी। उनकी नतिनी गूंगी थी। पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रही है।
दूसरी ओर सौरबाजार के फोरासाहा पुल के नीचे जलकुंभी से एक अज्ञात सोलह साल की किशोरी का शव बरामद किया गया है। शव का चेहरा जानवरों ने नोंच दिया है, जबकि शरीर पर जगह-जगह कटने के निशान हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शव की पहचान नहीं हो पाई है