Kosilive Purnea Bihar Crime मृतक महिला के बेटे ने बताया कि ऑटो में जगह नहीं थी ऐसे में दोनों चालक के आजू-बाजू बैठ गए। शराब के नशे में चालक मां से छेड़खानी करने लगा। इसी दौरान मां सड़क पर गिर गई और ऑटो का पहिया उनपर चढ़ गया...
पूर्णिया. जिले के सरसी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। नशे में धुत एक ऑटो चालक की छेड़खानी से बचने के प्रयास में एक महिला आटो से गिर गई। गाड़ी का पहिया चढ़ने के कारण महिला गंभीर घायल हो गई, जिसके बाद उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक महिला सरसी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी। इस संबंध में मृतका के बेटे के बयान पर पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक महिला के बेटे ने बताया कि बुधवार की देर शाम वह अपनी मां के साथ मामा की बेटी की शादी में शामिल होने जा रही था। इसी दौरान दोनों सरसी चौक पर एक ऑटो में सवार हुए। ऑटो की पिछली सीट पर पहले से चार व्यक्ति बैठे थे। ऐसे में चालक ने मां और बेटे को आजू-बाजू में आगे की सीट पर बिठाया।
महिला के बेटे ने बताया कि ऑटो चालक को वे लोग पहचानते थे। रंजीत नामक उक्त ऑटो चालक उस दौरान शराब की नशे में धुत था। दोनों के बैठते ही चालक ने उसकी मां के साथ छेड़खानी शुरू कर दिया। इसी क्रम में छेड़खानी से बचने के प्रयास में चलती ऑटो से उसकी मां गिर गई और उस पर ऑटो का पहिया चढ़ गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
बेटे ने बताया कि ऑटो से गिरने के कारण मां बुरी तरह जख्मी हो गई। उन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सरसी पीएचसी ले गया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सक ने पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया। यहां गुरुवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही खजांची हाट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच मृतका के पुत्र का बयान दर्ज किया। साथ ही इसी बयान के आधार पर सरसी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस संबंधित ऑटो चालक की तलाश में जुटी हुई है।