Kosi Live-कोशी लाइव NEWS DESK:बिहार में आंधी-बारिश का कहर, उड़ती हुई आई मौत और देखते ही देखते कट गया गला मधेपुरा में 4 लोगों की मौत, कई लोगों के आशियाने उजड़े - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, May 15, 2023

NEWS DESK:बिहार में आंधी-बारिश का कहर, उड़ती हुई आई मौत और देखते ही देखते कट गया गला मधेपुरा में 4 लोगों की मौत, कई लोगों के आशियाने उजड़े

Kosi Live Bihar News Desk:
बिहार में मौसम का खेल जारी है. एक ओर राज्य के कई जिलों में गर्मी कहर ढा रही है, पारा 40 के पार पहुँच चूका है। तो वहीं दूसरी तरफ मधेपुरा में आंधी-बारिश ने जमकर तबाही मचाई है।
आंधी में घर गिरने से महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि एक 3 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

जिनका इलाज मधेपुरा के जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मृतकों में सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के पटोरी निवासी सुरेन्द्र मुसहर की पत्नी उमदा देवी, मजरहट निवासी कुलदीप मंडल की पत्नी अरहुलिया देवी, जोरगमा निवासी रुद्र नारायण प्रसाद यादव और कुशवाहा निवासी सुधीर यादव के पुत्र विकास कुमार शामिल हैं। जबकि कुमारखंड प्रखंड क्षेत्र के हीरापट्टी निवासी प्रमोद मंडल की तीन वर्षीय पुत्री निशा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई है। निशा का इलाज फिलहाल जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। 

गर्दन कटने और दीवार गिरने से हुई मौत 
परिजनों के अनुसार तेज आंधी आने से टीन (चंदरा) से विकास कुमार का गर्दन कट गया जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उमदा देवी की मौत घर गिरने से उसमें दबने से हो गई। वहीं जोरगमा वार्ड 7 निवासी रुद्र नारायण प्रसाद यादव, की मौत हो गयी । आंधी की चपेट आने से रुद्र नारायण प्रसाद यादव गंभीर जख्मी हो गए । आननफानन में परिजनों ने उन्हें मुरलीगंज अस्पताल पहुंचाया जहां उनके गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 

सावधानी बरतें
बीती देर रात जब तूफान आया तो कई जगहों पर गांव क्षेत्र में चदरा के उठा पटक की तेज आवाज आ रही थी। बाजार में सस्ता होने की वजह से लोग एस्बेस्टस की जगह चदरा का प्रयोग करते हैं। आंधी की आशंका होने के बाद भी लोगों ने सावधानी नहीं बरती। कई लोगों के मकान और ठिकानों के चदरे हवा में उड़ गये। इसी लापरवाही में मधेपुरा में तेज आंधी में चदरा उड़ कर युवक का गला काट दिया जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

बेगूसराय में दीवार से दबकर अधेड़ किसान की मौत
बेगूसराय में तेज आंधी के दौरान गिरते दीवार से दबकर एक अधेड़ किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के सनहा नया टोल की है। मृतक वार्ड संख्या 12 निवासी बाबूलाल सिंह के पुत्र रंजन कुमार (52) हैं। परिजनों का कहना है कि रविवार की देर रात आई आंधी में ट्रेक्टर पर रखे अपने अनाज की रक्षा के लिए मकई को तिरपाल से ढक रहे थे। तभी घर के छत की ऊपर का दीवार आंधी में गिर गया जिसमें वह जख्मी हो गए। आननफानन में परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

खगड़िया में वज्रपात से युवक झुलसा
खगड़िया में तूफान आने के क्रम में वज्रपात की एक युवक बुरी तरह झुलस गया। घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के दुधैला गांव का है जहां स्व. कपिल देव मंडल के पुत्र साहेब मंडल बुरी तरह झुलस गए। घायल साहेब मंडल को को परिजन इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।