Kosi Live Bihar News:
गोपालगंज:
शराबबंदी वाले बिहार में पुलिस इन दिनों शराब के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चला रही है. बावजूद इसके तस्कर शराब की तस्करी और बिक्री करने से बाज नहीं आ रहे हैं.
पुलिस भी इन तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर उनके मंसूबे को नाकाम कर रही है. ताजा मामला गोपालगंज का है. जहां पुलिस ने शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 40 से ज्यादा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की.
छापेमारी में कहीं पर शराब की टंकी में बंटी-बबली और देसी शराब मिली तो कहीं किराना की दुकान में विदेशी शराब से भरी बोतलें मिली. पुलिस ने भारी मात्रा में शराब के साथ 32 तस्करों व पीनेवाले को गिरफ्तार किया है. पुलिस कार्यालय से जारी किये गये रिपोर्ट के अनुसार पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर शराब के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया.
छापेमारी के दौरान शहर के चिराई घर के पास एक किराना दुकान में पांच बोतल किंगफिशर और सात पीस एट-पीएम शराब व एक मोबाइल बरामद की गयी. महिला पुलिस दस्ता की टीम ने ये कार्रवाई की. वहीं, दूसरी तरफ मांझा थाने की पुलिस ने भैंसही कोरर दियरा में छापेमारी की. पुलिस की छापेमारी में 491 बोतल बंटी-बबली शराब मिली. यहां शौचालय की टंकी के अंदर शराब छिपाकर रखी गयी थी. वहीं, कटेया थाने की पुलिस ने झरही गांव में एक झोपड़ीनुमा घर में छापेमारी का आठ बोतल बंटी-बबली और 65 लीटर देसी शराब बरामद की. बरवा समेत अन्य जगहों से जमीन में छिपाकर रखे गये शराब को नष्ट किया गया.
फुलवरिया थाने की पुलिस ने कोयलादेवा गांव में छापेमारी कर 85 बोतल बंटी-बबली देशी शराब के साथ प्रेमचंद साह को गिरफ्तार किया. इस तरह अलग-अलग जगहों से कुल 32 लोगों को शराबकांड के मामले में गिरफ्तार किया गया. साथ ही कुल 125 लीटर देसी और 65 लीटर विदेशी शराब व एक बाइक को जब्त किया गया है. मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया.