Kosi Live-कोशी लाइव Bihar Crime: बेगूसराय में RJD नेता को गोली मारी, भीड़ के हत्थे चढ़ा बदमाश; लात-मुक्के और डंडे से पीटकर ली जान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 2, 2023

Bihar Crime: बेगूसराय में RJD नेता को गोली मारी, भीड़ के हत्थे चढ़ा बदमाश; लात-मुक्के और डंडे से पीटकर ली जान

वीरपुर (बेगुसराय), संवाद सूत्र। बिहार के बेगुसराय जिले केवीरपुर थाना क्षेत्र में राजद नेता और तीन बार के पूर्व मुखिया सह सरपंच प्रतिनिधि व वर्तमान पैक्स अध्यक्ष को सोमवार की शाम गोली मारकर घायल कर देने का आरोपी बदमाश मंगलवार की सुबह आक्रोशित भीड़ का शिकार हो गया।

भीड़ की पिटाई से उसकी मौत हो गई ।

कई मामलों में था अभियुक्त

मृतक बदमाश बड़हरा गेंहरपुर पंचायत वॉर्ड- 6 निवासी 21 वर्षीय सौरव कुमार है। वह पूर्व में भी कई मामलों में नामजद अभियुक्त है। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है ।

आरजेडी नेता को मारी थी गोली

गौरतलब है कि सोमावर की ढलती शाम बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने बड़हारा बांध समिति चौक से करीब 50 मीटर पश्चिम में आरजेडी नेता सुखराम महतो को उस समय गोली मारकर घायल कर दिया था जब वो एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे।

हमले में सुखराम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वो बेगुसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है। घटना के बाद बड़हरा गांव सहित गेंहरपुर पंचायत के लोगों में काफी आक्रोश था।

घर में छुपा था आरोपी

जानकारी के अनुसार घटना को अंजाम देकर एक बदमाश सौरव बड़हारा वॉर्ड- 6 में अपने घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक सुनसान घर में रात भर छुपा रहा। सुबह करीब 7 बजे किसी ने उसे देख लिया। बदमाश के छुपे होने की खबर जंगल में आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों आक्रोशित लोगों की भीड़ ने वहां जुटकर उसे अपने कब्जे में ले लिया।

तीन सौ मीटर तक पीटती रही भीड़

गुस्साई भीड़ ने उसकी लात, मुक्के, लाठी व बांस से जमकर धुनाई कर दी। भीड़ उसे पीटते-पीटते करीब 3 सौ मीटर दूर बड़हारा बांध समिति चौक ले आई। यहीं पूर्व मुखिया को गोली मारी गई थी। आक्रोशित भीड़ द्वारा बदमाश की पिटाई की खबर मिलते ही वीरपुर पुलिस ने दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर अधमरे हालत में पड़े आरोपी को अपने कब्जे में लिया।

इलाज के लिए तुरंत उसे पीएचसी वीरपुर लाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए बेगुसराय रेफर कर दिया गया । बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गांव में तनाव का माहौल

घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। पुलिस संभावित घटनाक्रम को देखते हुए अलर्ट है। पुलिस द्वारा गांव में कैंप किया जा रहा है। क्षेत्र के लोग इस घटना पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे बदमाश के साथ न्याय बता रहा है तो कोई इसे कानून के साथ खिलवाड़। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि पूर्व मुखिया पर गोलीबारी के बाद पुलिस अगर गांव में कैंप करती तो यह घटना नहीं होती।

आरजेडी नेता पर बना रहा था दबाव

बताया जा रहा है कि करीब 10 दिन पूर्व आरजेडी नेता को गोली मारने का आरोपी सौरव जेल से बाहर आया था। सरपंच प्रतिनिधि सह पूर्व मुखिया सुखराम महतो पर किसी मामले में पंचायती का लगातार दबाव बना रहा था।

सोमवार की सुबह आरजेडी नेता सुखराम महतो से उसकी इसी मामले को लेकर कहासुनी भी हुई थी। बता दें कि मामले में शामिल दो अन्य बदमाश भी स्थानीय ही बताए जा रहे हैं।