Kosi Live Bihar News:
Akshara Singh Meets Baba Bageshwar: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सुपरस्टार अक्षरा सिंह ने बागेश्वर धाम वाले बाबा धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात की है.
बागेश्वर धाम वाले बाबा से मुलाकात वाला वीडियो खुद अक्षरा सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है. उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'जिनको दुनिया सुनने के लिए बेताब है, उन्होंने मुझे सुन लिया, बहुत बड़ी बात है.' इसके साथ उन्होंने जय सीता राम का हैशटैग लगाया और लिखा, 'बागेश्वर बाबा की जय.'
पटना में हैं बाबा बागेश्वर
पिछले कुछ दिनों से बागेश्वर धाम वाले बाबा धीरेंद्र शास्त्री बिहार के पटना में हैं. वहां उनका दिव्य दरबार चल रहा है. हालांकि पहले ही दिन दरबार में लाखों लोगों के पहुंच जाने की वजह से दरबार को कैंसिल करना पड़ा था. वहां चल रहे हनुमंत कथा का आज चौथा दिन है. बताया जा रहा है कि इसके बाद बाबा का दरबार गया में भी लगेगा.
31 साल की अक्षरा सिंह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री का जाना माना चेहरा हैं. अक्षरा ने भोजपुरी सिनेमा में साल 2010 में फिल्म सत्यमेव जयते से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. अब तक वो साजन चले ससुराल, प्राण जाये पर बचन न जाए, सौगंध गंगा मैया के, एक बिहारी सौ पे भारी, दिलेर, खून की होली एक प्रतिघात, ए बलमा बिहार वाला, प्रतिज्ञा 2, साथिया और निरहुआ रिक्शावाला 2 जैसी कई फिल्मों में नज़र आ चुकी हैं.
सोशल मीडिया पर हैं 56 लाख से ज्यादा फोलोवर्स
अक्षरा सिंह सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं. एक्ट्रेस के रील्स भी वायरल होते रहते हैं. अक्षरा सिंह को सिर्फ इंस्टाग्राम पर ही 56 लाख से ज्यादा लोग फोलो करते हैं. उनके हर पोस्ट पर लाखों लाइक्स और हज़ारों कमेंट आते हैं.