Kosilive Madhepura News :
बीते कुछ महीनों से शहर में दहशत फैला कर रंगदारी मांगने वाले गिरोह का मधेपुरा पुलिस ने पर्दाफ़ाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के 4 शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। बताया जाता है कि यह गिरोह पहले व्यवसाइयों के दुकान में चिट्ठी डाल कर रंगदारी मांगने का काम करता था। डराने के लिए गोली भी फायर करते थे।
बीते 4 अप्रैल को जब इस गिरोह के दो सदस्यों ने मधेपुरा भूपेंद्र नारायण विश्वविद्यालय के सामने एक हार्डवेयर दुकानदार के दुकान के सामने रात में चिट्ठी चिपकाया और गोली फायर किया तो यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। पुलिस तब से इस घटना के अनुसंधान में तत्परता से लगी रही। जिसमें दोनों अपराधी की पहचान कर ली गई और उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधी का नाम अंकुश कुमार और राजा राज बताया गया। जिसकी निशानदेही पर अन्य दो साथियों को भी गिरफ्तार किया गया। जिसका नाम सुधीर कुमार और सिंटू कुमार बताया जाता है।
इस सम्बन्ध में एसपी राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि बीते दिसम्बर माह में सबसे पहले शहर के दो व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में लिफाफे में बन्द पत्र के माध्यम से 05 लाख रुपए रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था। इस सम्बन्ध में मधेपुरा थाना कांड सं0-1206/22 दिनांक- 22.12.22 धारा-386 भा0द0वि० अज्ञात के विरुद्ध दर्ज करते हुए अनुसंधान प्रारंभ किया गया था।
इस घटना का उद्भेदन भी नही हुआ था कि पुनः दिनांक 05.03.23 की रात एक पान व्यवसायी के आदर्श नगर वार्ड नं0-08 में अवस्थित घर पर दो बाइक सवार अज्ञात अपराधियों द्वारा गोलीबारी की घटना करने और लिफाफे में बन्द एक पत्र के माध्यम से रंगदारी का मामला सामने आ गया। इसमें भी 5 लाख रुपए रंगदारी की मांग की गई थी। बार-बार ऐसी घटना सामने आने के बाद घटना के उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर अजय नारायण यादव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। इसी बीच चौथी घटना भी सामने आ गई। दिनांक 04.04.23 को लगभग 11.20 बजे विश्व विद्यालय गेट के पास अवस्थित राजीव कुमार के हार्डवेयर दुकान और आवास पर भी अज्ञात अपराधकर्मी के द्वारा गोलीबारी की घटना की गई तथा दरवाजे पर एक पत्र भी मिला जिसमें इनसे भी रंगदारी की मांग की गई थी।
संयोग से ये पूरी घटना उनके दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। हालांकि फोटो साफ नहीं था फिर भी उसे फ़िल्टर करा कर अपराधियों की पहचान सुनिश्चित कराई गई तो मामले का खुलासा हुआ। एसपी ने कहा कि मधेपुरा शहर में इस तरह की घटना बिल्कुल नई थी। उन्होंने कहा कि यह गैंग लोगों में दहशत पैदा कर रंगदारी वसूलने के प्रयास में था। लेकिन समय रहते पुलिस ने इसके चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। जिसमें गैंग का मास्टर माइंड अंकुश कुमार भी शामिल है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी के पास से देशी कट्टा और गोली भी बरामद हुआ है।