Kosilive Saharsa News/
बिहार के सहरसा जिले में सोमवार को नहर के पास खेलने के दौरान एक मासूम बच्चे का पैर फिसल गया। इस दौरान नहर के पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया।
घटना जिले के सौरबाजार थाना अन्तर्गत कांप पश्चिम गांव की है। वहीं, सौरबाजार थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बच्चे के शव को कब्जे में ले लिया। फिर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज कर जांच में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चे की पहचान सौरबाजार थाना अंतर्गत कांप पश्चिम निवासी दिलखुश कुमार के बेटे शिवम कुमार के रूप में हुई है। बच्चे की उम्र एक साल तीन महीने की बताई जा रही है। वह नहर के किनारे खेल रहा था। उसी दौरान बच्चे का पैर फिसल गया और गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।
मृतक बच्चे के चाचा आशीष कुमार यादव ने बताया कि आज सोमवार को मेरा भतीजा शिवम कुमार नहर के किनारे खेल रहा था। हम लोगों ने नहीं देखा था। जब हम लोग बच्चे को खोज रहे थे तो कुछ महिलाओं ने बताया कि बच्चा यहीं तो खेल रहा था। उसके बाद खोजने लगे। खोजने के दौरान उसके कपड़े पानी में दिखाई पड़े। फिर उसको पानी से बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अभी पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल आए हैं।
वहीं, सौरबाजार थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पानी वाला गढ़ा में बच्चे की डूबने से मौत हुई है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजन को सौंप दिया गया है।