सार
बेगूसराय सिंघौल थाना क्षेत्र के आकाश पुर गांव में जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुख्यात अपराधी बटोहिया का एनकाउंटर कर दिया। इस दौरान घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल काटा और पुलिस के साथ हाथापाई भी की।
बिहार के बेगूसराय में जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुख्यात अपराधी बटोहिया को ढेर कर दिया। मामला सिंघौल थाना क्षेत्र के आकाश पुर गांव का है। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने अपराधी बटोहिया को घर में बंद कर एनकाउंटर किया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल किया और पुलिस के साथ हाथापाई की घटना को अंजाम दिया। फिलहाल अभी भी मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। दूसरी तरफ लोग भी विरोध प्रदर्शन करने के लिए अड़े हुए हैं। पुलिस अपराधी बटोहिया की तलाश लंबे समय से कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गांव में ही होने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस छापेमारी करने पहुंची थी। लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है कि अब यूपी की तर्ज पर बेगूसराय में भी पुलिस इस तरह की घटना को अंजाम दे रही है।