Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News: उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव बोले- बिहार में विज्ञापन के लिए अब लेना होगा लाइसेंस, 500 करोड़ होगी आय - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, March 16, 2023

Bihar News: उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव बोले- बिहार में विज्ञापन के लिए अब लेना होगा लाइसेंस, 500 करोड़ होगी आय

पटना। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बताया कि शहरों में लगने वाले होर्डिंग, बैनर, पोस्टर से अभी तक सरकार या नगर निगम को कोई आमदनी नहीं होती थी।
इसको देखते हुए ही बिहार नगरपालिका क्षेत्र विज्ञापन नियमावली का नया कानून लाया गया है। इसके लिए हर तरह के विज्ञापन के लिए लाइसेंस शुल्क तय किया गया है।

नए कानून के बाद सरकार को करीब 500 करोड़ रुपये का राजस्व आएगा। वह विधानपरिषद में नीरज कुमार के तारांकित प्रश्न का जवाब दे रहे थे।

तेजस्वी ने बताया कि नए कानून के तहत शहरों में जोन के हिसाब से विज्ञापन का शुल्क तय किया जाएगा।

निजी मकान के साथ-साथ गाडि़यों पर विज्ञापन करने वालों को भी अब शुल्क देना होगा। इसके साथ ही गलत और भ्रामक विज्ञापनों पर भी नजर रखी जाएगी।

नए कानून को समझने और लागू कराने के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षण मुहैया कराया जाएगा।

बक्सर में बनेगा विद्युत शवदाह गृह बक्सर में गंगा किनारे मोक्षधाम योजना के जरिए विद्युत शवदाह गृह का निर्माण कराया जाएगा।

इसके लिए आठ करोड़ 72 लाख की राशि आवंटित की गई है। राधाचरण साह के प्रश्न के जवाब में तेजस्वी यादव ने यह जानकारी दी।

रीना देवी ने बिहारशरीफ के वार्ड संख्या 23 के हौजे बब्बर तालाब की गंदगी से जुड़ा तारांकित प्रश्न किया।

इस पर तेजस्वी ने कहा कि अमृत सरोवर योजना से इसका जीर्णोद्धार होगा। इसके लिए 41 करोड़ का प्राक्कलन भी तैयार हो गया है।

महेश्वर सिंह ने मोतिहारी के 11 वार्ड में जलापूर्ति योजना का काम अधूरा रहने का प्रश्न किया।

इस पर तेजस्वी यादव ने बताया कि 38 में 27 वार्ड में योजना पूरी है, बाकी 11 वार्डों में टेस्टिंग की प्रक्रिया चल रही है।

शहरी क्षेत्र में पेजयल के लिए 106 करोड़ की योजना चल रही है, जो जल्द पूरी होगी।

रवीन्द्र प्रसाद सिंह ने पटना के वार्ड सात में बाबा चौक से राजापुर पुल तक जाने वाले नाले को ढककर उसपर सड़क बनाए जाने की योजना पर सरकार से प्रश्न किया।

इस पर मंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि नाला के ऊपर सड़क निर्माण का प्रस्ताव पटना नगर निगम से प्राप्त नहीं है।

इस पर रवीन्द्र प्रसाद ने इसे विभाग के स्तर से पूरा करने की मांग की। इस पर तेजस्वी ने कहा कि वह इसे अपने स्तर से दिखवा लेंगे।