Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News: हेरोइन और स्मैक के आदी हो रहे युवा, लत लगने पर चोरी-छिनैती और हत्या को दे रहे अंजाम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, February 28, 2023

Bihar News: हेरोइन और स्मैक के आदी हो रहे युवा, लत लगने पर चोरी-छिनैती और हत्या को दे रहे अंजाम

भोजपुर: भोजपुर जिले में हेरोइन, ब्राउन सुगर, स्मैक, गांजा व चरस जैसे नशीले पदार्थों के सेवन के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। खासकर युवा इन नशीले पदार्थों के दलदल में फंसते जा रहे हैं।
इतना ही नहीं वे नशीले पदार्थों के लिए लूट, चोरी व हत्या करने में भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। कई मामलों के खुलासे के बाद ये बातें सामने आई हैं। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर लगातार अभियान चलाती है, लेकिन इसकी जड़ तक नहीं पहुंच पाने से नशे का यह अवैध धंधा बेकाबू हो गया है।

अगर भोजपुर जिले पर नजर डालें तो पिछले साल 2022 में 12 महीने के अंदर करीब 57 मामले सामने आए हैं। सात सालों के अंदर एनडीपीएस एक्ट के 216 मामले प्रतिवेदित हुए हैं। शराबबंदी के बाद इस तरह मामलों की संख्या भी बढ़ी है। आंकड़े भी यहीं बयां कर रहे है। इसी पर आधारित आरा से दीपक कुमार की विशेष रिपोर्ट...

साल दर साल बढ़ रहे आंकड़े

भोजपुर एसपी संजय कुमार सिंह ने बताया कि चालू वर्ष 2022 में ग्यारह महीने के अंदर हेरोइन व गांजा तस्करी के करीब 52 मामले पकड़े गए हैं। हालांकि, इसे आम जनता के सहयोग से ही समूल नष्ट किया जा सकता है। इसके लिए पुलिस के स्तर से भी गांवों व स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पिछले दिनों अगिआंव में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता शिविर भी आयोजित किया गया था। आगे भी यह अभियान लगातार चलेगा। पिछले वर्ष जनवरी से दिसंबर तक जो 57 मामले पकड़े गए हैं। उसमें नशीले पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ गिरफ्तारी भी हुई है।


समय रहते नशामुक्ति केंद्र में कराएं इलाज

नशामुक्ति केन्द्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि सदर अस्पताल में नशामुक्ति केंद्र संचालित है। इलाज एवं दवा की भी व्यवस्था है। स्वजन समय रहते इलाज के लिए ला सकते है। मरीज को भर्ती कर इलाज करने की भी व्यवस्था है।

वर्षवार प्रतिवेदित हेरोइन/गांजा तस्करी के मामले

वर्ष प्रतिवेदित केस

2016 -18

2017 -39

2018 -12

2019 -23

2020 -22

2021 -50

2022 -57


साल 2022 में माहवार तस्करी की कार्रवाई पर एक नजर

माह केस

जनवरी- 05

फरवरी- 07

मार्च- 04

अप्रैल- 02

मई- 03

जून- 05

जुलाई- 06

अगस्त- 04

सितंबर- 05

अक्टूबर- 08

नवंबर- 04

दिसंबर- 04