भागलपुर। शहर में लगातार मोबाइल छिनतई की घटना हो रही है। जोगसर पुलिस ने शुक्रवार को बाइक सवार झपटमार को जेल भेज दिया है। उसकी पहचान खगड़िया जिले के चित्रगुप्त नगर निवासी शाश्वत अनुराग के रूप में हुई है।
वह जोगसर इलाके के मसाकचक में किराए के मकान में रहता है। पुलिस पूछताछ में उसने कई चौंकाने वाली जानकारियां दी है। उसने बताया कि वह बाइक का नंबर बदल-बदलकर मोबाइल छिनतई करता था। एक मोबाइल छिनने के बाद वह गाड़ी का नंबर क्लिप के माध्यम से बदल देता था। आरोपित से सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने भी पूछताछ की।
दरअसल, गुरुवार को जिला स्कूल के पास सबौर इलाके के मिर्जापुर निवासी अरविंद कुमार का मोबाइल झपटकर शाश्वत भाग रहा था। वह खंजरपुर के नीरज मंडल लॉज में रहकर पढ़ाई करता है। भागते समय ही लोगों ने उसे दबोच लिया था। उसकी जमकर पिटाई के बाद जोगसर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि हर दिन वह दो से तीन मोबाइल छिनतई की वारदात को अलग-अलग इलाके में अंजाम देता है। जोगसर थानेदार रंजीत कुमार ने पीड़ित के बयान पर उसके विरुद्ध केस दर्ज किया है।
सिम को निकालक फेंक देता था
पुलिस को बताया कि मोबाइल छीनते ही पास में रखे मोबाइल पिन से सबसे पहले मोबाइल ऑफ कर सिम कार्ड को निकाल फेंक देता था। इसके बाद कुछ दिन मोबाइल अपने पास रखने के बाद उसे बेच देता था। इसके बाद वह आराम से बाजार होते हुए रूम चला जाता था, ताकि किसी को शक ना हो। उसने अपन कई साथियों का नाम पुलिस को बताया है। पुलिस उसके पास से बरामद मोबाइल व बाइक की जांच में जुटी है। पुलिस पता लगा रही है कि वह बाइक उसकी है या चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह किन लोगों से मोबाइल पर संपर्क करता था व छीना हुआ मोबाइल वह कहां खपाता था।