बिहार के सरकारी प्राइमरी स्कूलों में शारीरिक शिक्षा सह स्वास्थ्य अनुदेशक के 8386 पदों पर वैंकेसी अब नए साल में ही आएगी। क्योंकि अगले तीन महीने वैधानिक कारणों से राज्य में नई बहाली की किसी प्रक्रिया के आरंभ होने के आसार नहीं है। गौरतलब है कि इसी माह राज्य मंत्रिपरिषद ने राज्य के राजकीयकृत प्रारंभिक विद्यालयों में 8386 शारीरिक शिक्षा सह स्वास्थ्य अनुदेशकों के पदों को स्वीकृति दी थी। मंत्रिमंडल ने प्रारंभिक विद्यालयों में तत्काल एक-एक शारीरिक शिक्षा अनुदेशक बहाल करने पर अपनी मुहर लगाई है। यह बहाली अनुबंध पर होगी और शारीरिक शिक्षा अनुदेशकों को 8000 महीने का नियत वेतन मिलेगा। अलबत्ता 200 सालाना इसमें वृद्धि पर भी स्वीकृति दी गयी है।
हालांकि, शिक्षा विभाग लम्बे समय से लंबित चल रही इस बहाली को यथाशीघ्र करने का मन बना चुका था और अभ्यर्थियों की ओर से अलग-अलग फोरम पर उठायी जा रही मांग के मद्देनजर पद सृजन की स्वीकृति कैबिनेट से कराई गई है। लेकिन प्रदेश में फिलहाल गांवों की सरकार के गठन का कार्यक्रम चल रहा है और दिसम्बर मध्य तक चलेगा। तबतक आदर्श चुनाव आचार संहिता जारी रहेगी। शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर पूछे गये सवाल पर शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी और विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार, दोनों ने ही कहा कि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ही नियुक्ति विज्ञापित की जा सकेगी।
