सहरसा। बुधवार की रात मवि लखनी के प्रथम तल्ला पर आपसी विवाद में गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक लखनी के निवासी रंधीर यादव (30 वर्ष) के चाचा राजेन्द्र यादव ने महिषी थाना में उसी गांव के छह लोगों को नामजद करते हुए मामला दर्ज करवाया गया है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के चाचा ने कहा है कि मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे जब वो अपनी भैंस चराने बहियार जा रहे थे कि उसी दौरान लखनी के निवासी अंकित चौधरी एवं मोहित लाल यादव ने उससे लाठी मांगी। उनके द्वारा लाठी देने से इंकार करने पर उपरोक्त दोनों युवक ने लाठी छीनकर उन्हें एक लाठी मारी। इस घटना को उनके भतीजा ने देख लिया और पकड़ो-पकड़ो चिल्लाने लगा। उसी दौरान अंकित द्वारा रंधीर को जान से मारने की धमकी दी गई थी। बुधवार को अपनी आदत के अनुसार उनका भतीजा अपने अन्य साथी जिसमें उसका चचेरा भाई चंद्रकिशोर उर्फ पुलुर भी था सभी विद्यालय के कमरे में मोबाइल पर पबजी गेम खेल रहा था। इसी दौरान अंकित हथियार लेकर विद्यालय पहुंचा। विद्यालय के प्रांगण में पप्पू यादव उससे हथियार लेकर विद्यालय के प्रथम तल्ले पर गया जहां उससे गौरव कुमार ने हथियार ले लिया और मोबाइल पर गेम खेल रहे रंधीर के सिर में उसी हथियार से गोली मार दी। गोली मारने के बाद सभी वहां से भाग गए। साथ में गेम खेल रहे चचेरे भाई द्वारा घटना सूचना परिवार के लोगों को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही महिषी थानाध्यक्ष राजेश कुमार सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे और शव को सहरसा भेज दिया। वरीय अधिकारी के निर्देश पर बिहरा थानाध्यक्ष प्रमोद झा,बनगांव थानाध्यक्ष सरोज कुमार ,नवहट्टा थानाध्यक्ष ब्रजेश चौहान एवं जलई ओपी अध्यक्ष मो.फहीमउल्लाह घटना स्थल पर पहुंचे एवं अपराधियों के धरपकड़ को लेकर छापेमारी शुरू कर दी। रातभर चली छापेमारी में नामजद अभियुक्त पप्पू यादव के अलावा विजय चौधरी, दीपक चौधरी एवं सोनू चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
----
कौन-कौन हैं अभियुक्त
-----
मृतक के चाचा के फर्द बयान में लखनी निवासी अंकित कुमार उर्फ बाबू, पप्पू यादव, गौरव कुमार, विजय चौधरी, दीपक चौधरी एवं सोनू चौधरी को नामजद करते हुए मामला दर्ज करवाया गया है।
----
कोट
----
चाचा के साथ हुए विवाद को लेकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है शेष बचे दो नामजद की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।
संतोष कुमार, एसडीपीओ
