पूर्णिया। सहायक खजांची हाट थाना पुलिस ने मंगलवार की शाम लाइन बाजार स्थित एक होटल में छापेमारी कर चार टेट्रा पैक शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ग्राहक के रूप में वहां पहुंची थी। रुपये लेकर शराब दे रहे तीनों आरोपितों को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में सरवन भगत, बबलू भगत व सुखदेव भगत शामिल हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों द्वारा होटल की आड़ में शराब के कारोबार की सूचना मिली थी। इसी सूचना पर दोपहर से ही वहां जाल बिछाया गया था। पुलिस टीम में शामिल दो सदस्य वहां ग्राहक बनकर पहुंचे और बात होने पर शराब दिए जाने के दौरान ही तीनों आरोपितों को दबोच लिया गया। उन्होंने कहा कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इसके पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक दया शंकर के निर्देशानुसार जिले में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है । साथ ही सभी थानाध्यक्ष,ओ.पी.अध्यक्षों को शराब की बरामदगी,तस्करों,अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी हेतु सघन वाहन चेकिग करने का सख्त निर्देश दिया गया है। इसी दौरान बायसी थाना अंतर्गत गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर दालकोला की ओर से आ रही ट्रक न. बीआर 31 जीए 5054 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उक्त वाहन से 774 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के सेंदुआरी निवासी एक अभियुक्त नीरज कुमार पिता रामशंकर राम को गिरफ्तार किया गया है।
दो शराबियों को भेजा गया जेल
बड़हरा थाना पुलिस प्रशासन ने दो नशेड़ियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक संध्या गश्ती के दौरान बड़हरा कोठी बाजार के प्रखंड कॉलनी सड़क मार्ग पर दो युवक बड़हरा कोठी निवासी अजय कुमार और जय कुमार आपस में झगड़ा कर रहे थे। इसके बाद इन दोनों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। शराब की बदबू आने पर दो युवक को ब्रेथ एनेलाइजर की जांच धमदाहा में कराया गया। इसके बाद शराब पीने की पुष्टि होने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
