- सदर अस्पताल के निकट स्थित पानी टंकी परिसर में चोरी कर भाग रहा था चोर
सदर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल के निकट पानी टंकी परिसर में चोरी करते चोर को गुरुवार की सुबह पंपसेट कर्मी ने खदेड़ कर पकड़ा। चोरी का लोहे का सामान भी बरामद किया गया। इसके बाद चोर को रस्सी से बांधकर पीटा गया और पंपसेट ऑपरेटर एवं जिले के बनगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़िया, नरियार गांव निवासी मनीष कुमार ने जमकर लाठी डंडे से उसकी पिटाई की। चोर को पीटते वीडियो वायरल हुआ। चोर को पकड़ने की सूचना सदर थाना को भी दी गई। मौके पर सदर थाना की पुलिस पहुंची। जिन्होंने चोर को अपने कब्जे में लेकर सदर थाना लाया। जबकि चोर को पीटने वाले पंपसेट ऑपरेटर मनीष कुमार को भी पूछताछ के लिए सदर थाना में रोक कर रखा गया। पीड़ित पंपसेट ऑपरेटर मनीष कुमार ने बताया कि वे सदर अस्पताल निकट पानी टंकी में पंपसेट ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। गुरुवार की सुबह वे चाय पीने बगल की चाय दुकान पर गए थे। तभी उन्होंने देखा कि पानी टंकी की बाउंड्री को फांद कर एक युवक अंदर घुसा है। फिर थोड़ी देर बाद वह वापस लोहे के सामान लेकर फरार हो रहा था। उन्होंने हो-हल्ला किया और रंगे हाथ चोर को पकड़ा। सदर डीएसपी संतोष कुमार ने बताया कि स्थानीय तिरंगा चौक, वार्ड-16 निवासी चोर अखिलेश कुमार को पानी टंकी के कर्मी ने पकड़ कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। जिन्हें अग्रतर कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया है।
